Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर कलेक्टर हुए सख्त

शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर कलेक्टर हुए सख्त
छिंदवाड़ा
25-Aug-25
कलेक्टर श्री सिंह ने ली समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक

छिंदवाड़ा

कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीएम कार्यालय, सीएम हाउस, विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं न्यायालयों से जुड़े लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। साथ ही विभिन्न समसामयिक एवं अंतर्विभागीय मुद्दों पर भी चर्चा की और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
जिला अस्पताल की व्यवस्था पर विशेष निगरानी

कलेक्टर श्री सिंह ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस हेतु एडीएम, संयुक्त कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर की दिनवार ड्यूटी लगाई गई है ताकि अस्पताल की व्यवस्थाओं का प्रतिदिन निरीक्षण हो सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में कुछ स्थानों की साफ-सफाई ठीक से नहीं हो रही है और कई डॉक्टर समय पर अस्पताल नहीं पहुंच रहे हैं। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने सिविल सर्जन को कारण बताओ नोटिस जारी करने और स्थिति को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन ग्रेडिंग की समीक्षा - कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन विभागों की सीएम हेल्पलाइन ग्रेडिंग में पिछले माह की तुलना में 2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अब सभी अधिकारी प्रत्येक सप्ताह यह रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे कि सप्ताहभर में कितने सीएम हेल्पलाइन आवेदनों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया।

एनएच अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश - बैठक में पाया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े किसी भी अधिकारी की उपस्थिति टीएल बैठक में नहीं रही। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ईई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

स्कूल और स्वास्थ्य केन्द्रों के निरीक्षण की समीक्षा- बैठक में अधिकारियों द्वारा किए गए स्कूल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के निरीक्षण की भी समीक्षा हुई। कुछ विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आईं। कलेक्टर श्री सिंह ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से सुझाव मांगे कि जिले में संचालित जेईई और नीट की कक्षाओं की गुणवत्ता को और बेहतर कैसे बनाया जा सकता है।

समय सीमा की बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एडीएम धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम सुधीर जैन, सयुंक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर राहुल कुमार पटेल व पुष्पेन्द्र निगम, आयुक्त नगर निगम सी.पी.राय सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में अन्य एसडीएम, तहसीलदार सहित सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी से जुड़े थे।
Share News On