Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

प्रदेश के औषधीय पौधों के उत्पादक पांच कृषक दंपति 15 अगस्त को लाल किले में होंगे सम्मानित

प्रदेश के औषधीय पौधों के उत्पादक पांच कृषक दंपति 15 अगस्त को लाल किले में होंगे सम्मानित
मध्यप्रदेश
13-Aug-25
आयुष मंत्री श्री परमार ने उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित होने वाले कृषकों को दीं बधाई एवं शुभकामनाएं

भोपाल 

दिल्ली के ऐतिहासिक लालकिले में आयोजित होने वाले भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदेश के औषधीय पौधों का उत्पादन करने वाले चयनित कृषकों को उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड, नई दिल्ली एवं राज्य औषधीय पादप बोर्ड, भोपाल, आयुष विभाग, मध्यप्रदेश शासन के संयुक्त तत्वावधान में दिया जाएगा।

उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार ने औषधीय पौधों के उत्पादन में उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष सम्मान के लिए चयनित कृषकों को शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की हैं। श्री परमार ने आयुष विभाग अंतर्गत राज्य औषधीय पादप बोर्ड की इस अभिनव पहल की भी सराहना की है।

आयुष मंत्री श्री परमार ने कहा कि इन कृषकों ने औषधीय पौधों की खेती में उल्लेखनीय कार्य कर प्रदेश और देश में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। इनके प्रयासों से न केवल औषधीय पौधों की आपूर्ति एवं गुणवत्ता में सुधार हुआ है, बल्कि ग्रामीण अंचलों में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। श्री परमार ने आशा व्यक्त की कि सम्मानित होने वाले कृषक आगामी समय में प्रदेश के अन्य किसानों को औषधीय पौधों की खेती के लिए प्रेरित भी करेंगे।


प्रदेश के रतलाम जिले के श्री दिनेश धाकड़ एवं श्रीमती यशोदा धाकड़, निवाड़ी जिले के नेगुवान के श्री बलराम कुशवाह एवं श्रीमती गायत्री कुशवाह, बालाघाट जिले के श्री रमेश्वर प्रसाद सोनकर एवं श्रीमती देविका सोनकर, सागर जिले के श्री आकाश चौरसिया एवं उज्जैन जिले के श्री सुरेश धाकड़ एवं श्रीमती आशा बाई; ये सभी कृषक दंपति दिल्ली के लाल किला में 15 अगस्त को आयोजित भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित होंगे।


अपर सचिव आयुष एवं राज्य औषधीय पादप बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय मिश्र ने बताया कि यह अभिनव पहल, किसानों को प्रोत्साहित करने और पारंपरिक औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।
Share News On