2 हजार 725 विद्यार्थियों ने छुट्टियों में लिया खेल का प्रशिक्षण
खेल
11-Jun-26
प्रशिक्षकों को किया गया सम्मानित, सांसद श्री साहू ने किया ओपन जिम का शुभारंभ
छिन्दवाडा
मध्यप्रदेश शासन के खेल और युवक कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन प्रशिक्षकों के सम्मान एवं पुरस्कार वितरण के साथ गत दिवस स्टेडियम हॉल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए सांसद श्री विवेक बंटी साहू, जिला शिक्षा अधिकारी पी.एल.मेश्राम, विश्वामित्र अवार्डी के.आर. तिवारी, नवीन बारस्कर, रोहित पोफली, रिजवान खान, विश्वेंद्र बैंस, जिला खेल अधिकारी के.के. चौरसिया, सेवानिवृत्त खेल अधिकारी पी.एल. साहू, विकासखंड खेल प्रभारी राकेश चौरसिया सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, विभिन्न विकासखंडों के प्रशिक्षक, अभिभावक, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
जिला शिक्षा अधिकारी पी.एल. मेश्राम ने खिलाड़ियों को सतत प्रशिक्षण एवं नियमित अभ्यास के माध्यम से उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। सांसद श्री साहू ने प्रशिक्षणार्थी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में लगातार मेहनत करें और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का लक्ष्य रखें। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं एवं संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही सांसद खेल महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक और अवसर मिलेगा।
शिविर में कुल 2725 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण शिविर में सेवाएं देने वाले सभी प्रशिक्षकों को विभाग की ओर से उच्च स्तरीय ट्रैकसूट प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों एवं स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए ओपन जिम का शुभारंभ भी सांसद श्री साहू द्वारा किया गया।