विकसित मध्यप्रदेश की मजबूत नींव का बजट है: विवेक बंटी साहू
छिंदवाड़ा
24-Feb-26
छिंदवाड़ा
सांसद विवेक बंटी साहू एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने जिला भाजपा कार्यालय में मध्यप्रदेश के बजट पर पत्रकारवार्ता को संबोधित किया। पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्त वर्ष 2026-27 का 4.38 लाख करोड़ रूपए का ऐतिहासिक बजट प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला है। यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण का स्पष्ट रोडमैप है।
गरीब कल्याण - अंत्योदय से आत्मनिर्भरता तक
सांसद विवेक बंटी साहू ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए 2,857 करोड़ के प्रावधान, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, विमुक्त, घुमक्कड़ वर्ग के लिए 1,691 करोड़ के प्रावधान, आबादी भूमि पर मालिकाना हक एवं रजिस्ट्री व्यय के लिए 3,800 करोड़ रुपए के प्रावधान और जनहितकारी योजनाओं के लिए हजारों करोड़ का प्रावधान यह दर्शाता है कि भाजपा सरकार संवेदनशील और जवाबदेह है।
किसान सम्मान - अन्नदाता का सशक्तिकरण
सांसद विवेक बंटी साहू ने बताया कि अन्नदाता के सशक्तिकरण के लिए 5 एच.पी. तक के कृषि पंप/प्रेशर एवं एक घरेलू कनेक्शन हेतु निःशुल्क बिजली के लिए 5,276 करोड़ रुपए, दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के लिए 335 करोड़ रुपए, समर्थन मूल्य पर फसल उपार्जन बोनस के लिए 150 करोड़ के प्रावधान किए गए हैं। सहकारी बैंकों से आपातकालीन ऋण पर ब्याज अनुदान 720 करोड़ का प्रावधान, प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना के अंतर्गत 3,000 करोड़ के प्रावधान, समर्थन मूल्य पर बोनस, पशुपालन के लिए प्रावधान प्रावधान किए हैं।
महिला शक्ति - सशक्त बहनें, सशक्त समाज
सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि यह बजट महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक सम्मान को और मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के लिए 1,801 करोड़ के प्रावधान, यशोदा दुग्ध प्रदाय योजना के लिए 700 करोड़ प्रतिवर्ष के हिसाब से 5 वर्षों में 6,600 करोड़ के प्रावधान। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए 23,883 करोड़ के प्रावधान किए हैं।
नगरीय और ग्रामीण संतुलन
उन्होंने बताया कि अद्योसंरचना विकास के अंतर्गत सिंचाई परियोजनाएँ 14,742 करोड़ रुपए, सड़क मरम्मत एवं विस्तार 12,690 करोड़ रुपए, मुख्यमंत्री मजरा-टोला सड़क योजना के लिए 21,630 करोड़ रुपए, जल जीवन मिशन के लिए 4,454 करोड़ रुपए एवं सौर ऊर्जा परियोजनाएं एवं 24×7 नवीकरणीय ऊर्जा आपूर्ति प्रस्तावित हैं। सांसद विवेक बंटी साहू ने बताया कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने ग्रामीण सड़कों से लेकर ई-बस सेवा तक, पंचायत अनुदान से लेकर नगरीय अधोसंरचना तक सभी के लिए प्रावधान किए हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट शहर और गांव दोनों के संतुलित विकास का उदाहरण है।
छिंदवाड़ा में तेज होंगे विकास कार्य
पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद साहू ने छिंदवाड़ा जिले में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से जिले में अधोसंरचना, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिल रहा है। आने वाले समय में छिंदवाड़ा को संस्कृति और कृषि आधारित विकास के मॉडल जिले के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य है।
पत्रकारवार्ता के दौरान सांसद विवेक बंटी साहू एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के साथ किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री संजय सक्सेना, जिला मीडिया प्रभारी संदीप चौहान एवं जिला सह मीडिया प्रभारी विक्रम सोनी उपस्थित रहे। पत्रकारवार्ता के प्रारंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव द्वारा उद्वोधन के माध्यम से सभी का स्वागत किया गया। स्वागत उपरान्त सांसद विवेक बंटी साहू द्वारा पत्रकारवार्ता को संबोधित किया गया।