बेरडी पहुंचे सांसद ने किये भगवान श्री विठ्ठल-रुक्मिणी माई के दर्शन
राजनीति
29-Oct-26
दही-लाही महाप्रसाद एवं महाकाले के कीर्तन में हजारों श्रद्धालुओं रहे मौजुद

छिन्दवाड़ा अपडेट
छोटा पंढरपुर के नाम से विख्यात श्रीक्षेत्र बेरडी में चल रहे अखंड हरिनाम सप्ताह के पावन अवसर पर गुरुवार को सांसद बंटी विवेक साहू ने भगवान श्री विठ्ठल-रुक्मिणी माई के दर्शन किए। सांसद बंटी विवेक साहू ने मंदिर में भक्ति भाव से झांझ बजाई और गोविंदा-गोविंदा का जयघोष किया। जिससे पूरा मंदिर परिसर हरिनाम के रस में झूम उठा। सांसद बंटी विवेक साहू ने श्री विठ्ठल रुक्मिणी मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की और ह.भ.प. बालकृष्ण दादा वसंतगडकर महाराज जी का सम्मान करते हुए उनका आशीर्वाद भी लिया।
इस दौरान मंदिर समिति के राधेश्याम सुदा, कैलाश सुदा सहित वारकरी संप्रदाय से जुड़े लोगों ने सांसद बंटी विवेक साहू का शाल, श्रीफळ और प्रतीकात्मक विठ्ठल रूक्मणी का स्मृति चिन्ह भेंट कर सत्कार किया। वही उपस्थित भक्तों ने जय हरि विठ्ठल, जय रुक्मिणी माई के जयघोषों से वातावरण को और अधिक पवित्र बना दिया। इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि छोटा पंढरपुर के नाम से विख्यात बेरडी में 100 वर्षों से अधिक पुरानी श्रीक्षेत्र बेरडी की यह पावन भूमि संत परंपरा और वारकरी भक्ति आंदोलन की जीवंत मिसाल है। यहाँ गूँजने वाला हरिनाम समाज को एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। जब तक हरिनाम की धारा बहती रहेगी, तब तक समाज में शांति और भक्ति का प्रकाश बना रहेगा।
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि अखंड हरिनाम सप्ताह के माध्यम से गाँव के हर घर में भक्ति की ज्योति जल रही है, यह परंपरा हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। सांसद बंटी विवेक साहू ने इस भव्य आयोजन के लिए मंदिर समिति, ग्रामवासियों और वारकरी समुदाय की सराहना की और कहा कि यह आयोजन पंढरपुर की परंपरा को जीवित रखता है। जय हरि विठ्ठल, जय रुक्मिणी माई के जयघोषों के साथ यह कार्यक्रम दिव्य आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पूर्व मंत्री नाना मोहोड, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप मोहोड, भाजपा के वरिष्ठ नेता राहुल मोहोड, पांढुरना जिला उपाध्यक्ष रामकृष्णा वाक़ोड़े, जिला महामंत्री देवेंद्र बाल्या गायकवाड़, जिला मंत्री अशोक मानापुरे, आशीष चांडक, राजू नरोटे, रोहित पोफली, नामदेव इवनाती, गोपाल शर्मा, अजय डावले, विवेक गायकवाड़ सहित कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु, वारकरी, महिला मंडल, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सात दिनों तक गूंजता है हरिनाम संकीर्तन
श्री पंढरीनाथ मंदिर सप्ताह के दौरान मंदिर परिसर सहित संपूर्ण ग्राम भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहता है। काकड़ आरती, भागवत कथा, हरिपाठ, हरिकीर्तन और अखंड नामसंकीर्तन जैसे धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागी बनते हैं। स्थानीय परंपरा के अनुसार, ग्राम के विभिन्न समाजों के लोग बारी-बारी से संकीर्तन सेवा में योगदान देते हैं। यह परंपरा सामाजिक समरसता, सामूहिक सहभागिता और सांस्कृतिक एकता का उत्कृष्ट उदाहरण है। सप्ताह के समापन अवसर पर आयोजित होने वाला दही-लाही महाप्रसाद भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और वारकरी संप्रदाय की भक्ति भावना से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है।
इस अवसर पर ग्रामवासी एवं मंदिर समिति मिलकर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था करते हैं। महाराष्ट्र सहित विभिन्न क्षेत्रों से वारकरी भक्त इस आयोजन में सम्मिलित होकर भगवान श्री विठ्ठल-रुक्मिणी के दर्शन एवं सेवा का पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं। बेरडी का यह आयोजन पांढुर्णा जिले की उस सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत उदाहरण है, जहां भक्ति, सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता एक साथ दिखाई देते हैं। हरिनाम संकीर्तन की गूंज और भगवान श्री विठ्ठल-रुक्मिणी के जयघोष के साथ हुआ समापन समारोह जिले की सांस्कृतिक विरासत को एक बार फिर व्यापक पहचान बना गया।