पूर्व सांसद नकुलनाथ ने किया चलो दिल्ली का आव्हान
राजनीति
29-Oct-26
जिले के कांग्रेस जनप्रतिनिधियों व आम जनता से किया आग्रह

छिन्दवाड़ा अपडेट
जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले के समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व कांग्रेस परिवार के प्रत्येक सदस्यों के साथ ही आमजन से वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने देश की राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान पर 01 नवम्बर 2026 को आयोजित होने वाली महारैली में शामिल होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए देशहित में अपना योगदान दें।
देश के नागरिकों से मत का अधिकार छीनना और वोट की चोरी से सत्ता में काबिज होकर फिर तानाशाही करना, जनता पर जुल्म करने वाले सिस्टम को उखाड़ फेंकने के लिए चलो दिल्ली चलें। यह किसी एक राजनीतिक दल की लड़ाई नहीं बल्कि देश के हर उस वर्ग की लड़ाई है जिससे मत का अधिकार छीना जा रहा है, मतदान के बाद उसके मतों की चोरी हो रही है इसीलिये आवाज सामूहिक उठानी नितांत आवश्यक है ताकि जनता से चुनी हुई सरकार जनता के हिसाब से चले ना कि चंद तानाशाही करने वाले लोगों के हिसाब। लोकतंत्र में जनता का वोट केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि देश के भविष्य को तय करने की ताकत है। हर पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित रहे और मतदाता सूची में किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनुचित तरीके से न हटे, यह चुनाव आयोग की बुनियादी जिम्मेदारी है।
मतदाता सूची में हेराफेरी और वोट की चोरी का मुद्दा नेता विपक्ष राहुल गांधी लगातार उठा रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग व मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर एक बड़ा जनआंदोलन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के एतिहासिक रामलीला मैदान में प्रस्तावित मार्च में छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले के समस्त कांग्रेस पदाधिकारीगण, कार्यकर्तागण सहित आमजन व युवा पहुंचे और लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार से जुड़े इस मुद्दे पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने आगे कहा कि सभी युवाओं व आमजन से अपील करता हूं, चाहे आप किसी भी राजनीतिक विचारधारा के हों, अगर आपको लगता है कि भारत पर हमला हो रहा है, अगर आपको लगता है कि आप पर हमला हो रहा है, आपकी बात, आपके विचार, आपके सोचने के तरीके पर हमला हो रहा है, तो आइए और हमारे साथ जुड़िए। यह एक शानदार मार्च होगा, यह इस देश की आत्मा के लिए एक मार्च है।