सांसद ने पांढुर्णा में बिरसा मुंडा कॉम्प्लेक्स और प्रतिमा का किया लोकार्पण
राजनीति
15-Nov-26
छिंदवाड़ा अपडेट
पांढुर्णा शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में 62.75 लाख की लागत से बने क्रांतिसूर्य बिरसा मुंडा कॉम्प्लेक्स का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कॉम्प्लेक्स के सामने स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का भी अनावरण हुआ। सांसद बंटी विवेक साहू, नपाध्यक्ष संदीप घाटोड़े, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड़ और पूर्व मंत्री नाना मोहोड़ सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया और दुकानदारों को दुकानों की चाबी भी सौंपी।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि क्रांतिसूर्य भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान और योगदान को इतिहास में वह स्थान नहीं मिल पाया, जिसके वें वास्तविक हकदार थे। वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद इतिहास के पन्नों में दबे ऐसे अनेक वीर सपूतों को सम्मानपूर्वक याद करने का कार्य किया जा रहा है। जनजातीय समाज में ऐसे कई महान योद्धा हुए है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि पांढुर्णा में सर्वसुविधायुक्त बिरसा मुंडा काम्पलेक्स का निर्माण किया गया है। यह काम्पलेक्स हमेशा ही लोगों को भगवान बिरसा मुंडा की याद दिलाता रहेगा। साथ ही यहां पर स्थापित की गई भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा लोगों को इनके बलिदान एवं संघर्ष की याद दिलाती रहेगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड़ ने बिरसा मुंडा कॉम्प्लेक्स को शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे विभिन्न वर्गों के लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही बस स्टैंड क्षेत्र की सुंदरता और व्यवस्थित स्वरूप में भी वृद्धि होगी। नपाध्यक्ष संदीप घाटोड़े ने कॉम्प्लेक्स की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दीं। लोकार्पण समारोह से पूर्व आदिवासी समाज की ओर से पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजन हुआ। शहर में स्थापित क्रांतिसूर्य बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समीप बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। समारोह में एडीएम ज्योति ठाकुर, एसडीएम अलका इक्का, सीएमओ हेमेश्वरी पटेल, भाजपा नेता देवेन्द्र गायकवाड़, मोरेश्वर मर्सकोले, उज्वलसिंह चौहान, महेन्द्रसिंह टेकाम, दुर्गेश उईके सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पार्षद उपस्थित रहे।