विद्यार्थियों ने सीएम को कबाड़ से बनाई तोप भेंट की
मध्यप्रदेश
07-Aug-26
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बेबाकी से बोले प्रशिक्षु

छिन्दवाडा
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत शुक्रवार को शासकीय आदिवासी महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था छिंदवाड़ा का भ्रमण किया। जहां उन्होंने संस्थान के प्रशिक्षुओं से आत्मीय संवाद किया, उनके हुनर को नजदीक से देखा और उनके आत्मविश्वास की खुले दिल से सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने संस्थान की विभिन्न प्रयोगशालाओं का निरीक्षण करते हुए प्रशिक्षुओं से उनके प्रशिक्षण, भविष्य की योजनाओं और शासन की योजनाओं से मिलने वाले लाभ पर विस्तार से चर्चा की। मैकेनिकल लैब में उन्होंने सीआरडीआई फोर-स्ट्रोक डीजल इंजन के बारे में जानकारी ली और लेथ मशीन पर दक्षता से कार्य कर रही प्रशिक्षुओं की विशेष रूप से प्रशंसा की।
संस्थान में नवाचार की मिसाल भी देखने को मिली। फिटर ट्रेड के प्रशिक्षुओं ने वेस्ट टू आर्ट की अवधारणा पर तैयार किया गया आकर्षक गिटार का अवलोकन किया उन्हें कबाड़ से निर्मित तोप भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन रचनात्मक प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि नवाचार और कौशल का ऐसा समन्वय युवाओं की प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
फिटर ट्रेड की प्रशिक्षु सुषमा उइके ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बताया कि उनके माता-पिता कृषि कार्य से जुड़े हैं और वह प्रशिक्षण लेकर तकनीकी क्षेत्र में अपना भविष्य बना रही हैं। प्रशिक्षुओं के आत्मविश्वास से प्रभावित मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि “इसी आत्मविश्वास को बनाए रखिए। तकनीकी कौशल के साथ खेती से भी जुड़े रहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मेरे पिता ने भी हमेशा मुझे खेती से जुड़े रहने की सीख दी थी।”
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रशिक्षुओं से शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ली। प्रशिक्षु मीना करवेती ने आत्मविश्वास के साथ मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उन्हें बाइंडिंग, पंखा मरम्मत, वायरिंग तथा मशीन पार्ट्स को जोड़ने जैसे तकनीकी कार्यों में दक्षता प्राप्त है और वह सभी कार्य पूरी सावधानी एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए करती हैं।
इस अवसर पर संस्थान की प्रवेश विवरणिका भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भेंट की गई। प्रशिक्षुओं के विशेष आग्रह पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनके साथ आत्मीय वातावरण में सामूहिक फोटो भी खिंचवाया, जिससे छात्राओं का उत्साह और बढ़ गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संस्थान परिसर में मलबरी (शहतूत) का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।