करियर मेले में विद्यार्थियों ने पाई नयी राह: सुधीर जैन
छिंदवाड़ा
31-Jan-26
अच्छे करियर के लिए मार्गदर्शन पाकर हर्षित हुए गांगीवाड़ा स्कूल के विद्यार्थी
छिंदवाड़ा
स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ, शास.उ.मा.वि.गांगीवाडा के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय करियर मेले का भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुधीर जैन,एस.डी.एम. छिंदवाड़ा प्रमुख रूप से उपस्थित थे। विशेष अतिथि के रूप में शुभम निमजे, प्राचार्य, शास.आई.टी.आई.कॉलेज छिंदवाड़ा, नलिन तिवारी, शा. महिला,आई.टी.आई छिंदवाड़ा, शिव कुमार सनोडिया टी.पी.ओ. शा.आई.टी.आई. छिंदवाड़ा एवं जितेंद्र सिंह राठौड़ प्रशिक्षण अधिकारी उपस्थित थे।

कक्षा दसवीं और बारहवीं के बाद किस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना ठीक रहेगा सहित अन्य कैरियर संबंधी प्रश्नों की बारिश होती रही और इन सब प्रश्नों के उत्तर उपस्थित विषय विशेषज्ञों ने बड़ी कुशलता के साथ दिए। आयोजन को संबोधित करते हुए एस.डी.एम. छिंदवाड़ा सुधीर जैन ने कहा, कि ष्जहां चाह है, वहां राह है। जो मन में ठान लो, बस उसी दिशा में आगे बढ़ जाओ। अपना प्रयास करना कभी मत छोड़ो और जिस कार्य में जुटो, उसमें अपना सौ प्रतिशत समर्पण दो, सफलता अवश्य मिलेगी।
आई.टी.आई. के प्राचार्य शुभम निमजे ने विद्यार्थियों को कौशल युक्त शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। यदि हमारे पास हुनर होगा,तो करियर खुद चलकर हमारे पास आएगा। शा. महिला आई.टी.आई. के नलिन तिवारी ने विद्यार्थियों से कहा, कि जो भी पढ़ो, खूब आनंद से पढ़ो, खूब मेहनत करो। टी.पी.ओ. शिवकुमार सनोडिया ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में जाएं, वहां खूब मेहनत से काम करें। आपके लिए करियर बनाने के लिए बहुत सारे क्षेत्र हैं, डेयरी पालन, मेहंदी,पेंटिंग,ईंट निर्माण जैसे और भी कई क्षेत्र हैं,जिनमें आप करियर बना सकते हैं। आयोजन का प्रतिवेदन संस्था प्राचार्य श्रीमती वाय.एन.खान ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन धीरेंद्र दुबे ने किया। सभी उपस्थित अतिथियों,गणमान्य नागरिकों का आभार प्रदर्शन कैरियर गाइडेंस प्रकोष्ठ प्रभारी डा.शिल्पी शर्मा ने किया। इसअवसर पर एस.डी.एम. सुधीर जैन एवं उपस्थित अतिथियों के हस्ते शाला द्वारा प्रकाशित करियर पत्रिका का विमोचन किया गया। खेल स्पर्धाओं में विजित प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। करियर मेले में शास. हाई स्कूल मारई के विद्यार्थी भी सम्मिलित हुए। आयोजन में शासकीय हाई स्कूल मारई से प्राचार्य के.के.पांडवा एवं शाला स्टाफ के सदस्य भी उपस्थित हुए। मेला स्थल को विभिन्न क्षेत्रों में करियर की जानकारी को प्रदर्शित करते भव्य स्टालों से सजाया गया था, जिनमें विशेषज्ञ उपस्थित थे और विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान कर रहे थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में शाला परिवार ने अपना सक्रिय योगदान दिया।