पेंशन प्रकरण में लापरवाही पर प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी
छिंदवाड़ा
21-Oct-26
छिन्दवाडा अपडेट

पेंशन प्रकरण के निराकरण में लापरवाही बरतने के मामले में जिले के विकासखंड बिछुआ के शासकीय कन्या शिक्षा परिसर बिछुआ के प्राचार्य के.के. पाटिल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जारी नोटिस के अनुसार , विकासखंड बिछुआ के शासकीय माध्यमिक विद्यालय पनियारी में पदस्थ रहे युवराज हिंगवे 31 जुलाई 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे। उनके पेंशन प्रकरण के संबंध में सीएम हेल्पलाइन में 19 मई 2026 को शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि सेवानिवृत्त कर्मचारी का पेंशन प्रकरण निराकरण नहीं किया गया और न ही मामले को गंभीरता से लिया गया।
नोटिस में कहा गया है कि शासन के निर्देशानुसार सेवानिवृत्त कर्मचारी का पेंशन प्रकरण सेवानिवृत्ति के छह माह पूर्व जमा किया जाना अनिवार्य है। इसके बावजूद प्रकरण के निराकरण में लापरवाही बरतना तथा शिकायत का समाधान नहीं करना पदीय दायित्वों के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। यह कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3(1) (एक), (दो) एवं (तीन) के विपरीत होकर कदाचरण की श्रेणी में आता है।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री मरकाम द्वारा प्राचार्य को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने अथवा समाधानकारक जवाब नहीं देने की स्थिति में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।