विद्याभूमि में शालेय संभाग स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता संपन्न
खेल
09-Sep-26
छिंदवाड़ा

विद्याभूमि पब्लिक स्कूल में शालेय संभाग स्तरीय अंडर-11, 14, 17 एवं 19 (बालक-बालिका) स्केटिंग प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जबलपुर, छिंदवाड़ा, कटनी और नरसिंहपुर जिले की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जबलपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्री डेहरिया सहायक संचालक, शिक्षा, योगेश प्रसाद चौरिया जिला क्रीड़ा अधिकारी, डॉ. विजया यादव प्रशासिका और राजेश बोध उपस्थित थे।
आयोजक विद्याभूमि पब्लिक स्कूल परिवार द्वारा सभी आमंत्रित अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए गए। स्पर्धा में खिलाड़ियों ने बेहतरीन कौशल का प्रदर्शन किया। जबलपुर की टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया तो वहीं छिंदवाड़ा की दूसरे स्थान पर रही तथा तीसरे स्थान पर नरसिंहपुर की टीम विजेता रही। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजक विद्याभूमि स्कूल की ओर से सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल संचालन व व्यवस्थाएं विद्याभूमि पब्लिक स्कूल द्वारा की गईं। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए खेल पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें छिंदवाड़ा से सचिन कोमेजवार व असलम खान, जबलपुर से अजय मिश्रा, कटनी से सौरभ राजपूत और नरसिंहपुर से शोभाराम डेहरिया शामिल हैं।