अमित स्वीट्स, रंग जी, शॉपिंग जोन से लिए गए सेम्पल
छिंदवाड़ा
05-Nov-26
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के 17 नमूने किये जब्त

छिन्दवाडा अपडेट
दीपावली पर्व पर आमजन को मिलावट रहित एवं शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन द्वारा जिले की सभी तहसीलों में संयुक्त जांच दलों का गठन किया गया है। इसी क्रम में गत दिवस छिंदवाड़ा शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
शहर में नायब तहसीलदार मलय वाजपेयी के नेतृव में संयुक्त दल ने खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान लहगडुआ इंडस्ट्रियल क्षेत्र में स्थित रंगजी स्वीट्स एवं अमित स्वीट्स के मिठाई निर्माण कारखानों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। साथ ही नरसिंहपुर रोड स्थित शॉपिंग जोन का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिठाई के 14 नमूनों सहित कुल 17 नमूने जब्त किए गए। खाद्य सुरक्षा दल द्वारा दमुआ-जुन्नारदेव क्षेत्र में पाल होटल, बजरंग होटल, शिव होटल तथा शिव बेकरी एंड डेली नीड्स का निरीक्षण कर मलाई पेड़ा, नमकीन, जलेबी, बूंदी के लड्डू, मगज लड्डू एवं मदर डेयरी मिल्क के नमूने संग्रहित किए गए।
इसी प्रकार चौरई क्षेत्र में राजस्थान स्वीट्स, जैन स्वीट्स, वैशाली राजपुरोहित, एलपी डील एवं लक्ष्मी डिपार्टमेंट का निरीक्षण किया गया तथा वनस्पति एवं मिल्क मेड के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं रामाकोना-सौंसर क्षेत्र में बालाजी मिष्ठान भंडार एवं कन्हान रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। सौंसर स्थित बीकानेर स्वीट्स से भी खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। कलेक्टर श्री नारायन के निर्देशन में खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम एवं आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए संयुक्त जांच दलों द्वारा आगे भी लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई जारी रहेगी।