पेयजल और अच्छी सड़कें चाहिए शहरवासियों को
लेख
05-Nov-26
जनमत सर्वे में सबसे ज्यादा 41.5 प्रतिशत लोगों की प्राथमिकता

छिंदवाड़ा अपडेट
पांच लाख विजिटर्स की ओर तेजी से बढ़ रहे जिले के प्रमुख डिजिटल न्यूज पोर्टल छिंदवाड़ा अपडेट द्वारा शहरवासियों की समस्याओं और प्राथमिकताओं को लगातार जनमत के माध्यम से सामने लाया जा रहा है। जनमत के विभिन्न मुद्दों पर आम नागरिक खुलकर अपनी राय रखते हैं, जिससे शहर की वास्तविक समस्याएं सामने आने के साथ ही जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान भी महत्वपूर्ण विषयों की ओर आकर्षित होता है।
इसी कड़ी में पिछले सप्ताह छिंदवाड़ा अपडेट ने जनमत के माध्यम से शहरवासियों से सवाल किया कि वर्तमान समय में छिंदवाड़ा की राजनीति और जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी प्राथमिकता क्या होनी चाहिए?
सर्वे में शामिल पाठकों और आम नागरिकों ने सबसे अधिक 41.5 प्रतिशत मत पेयजल व्यवस्था और अच्छी सड़कों के पक्ष में दिए। यह परिणाम स्पष्ट संकेत देता है कि शहर के नागरिक आज भी अपनी बुनियादी सुविधाओं को सबसे बड़ी प्राथमिकता मान रहे हैं।
बुनियादी सुविधाओं पर जनता का सबसे अधिक जोर
सर्वे के परिणामों का विश्लेषण करें तो यह साफ दिखाई देता है कि विकास के बड़े दावों और योजनाओं के बीच आम नागरिक की सबसे बड़ी चिंता रोजमर्रा की सुविधाएं हैं। शहर में पर्याप्त और सुचारु पेयजल व्यवस्था तथा बेहतर सड़कों की मांग को सबसे अधिक मत मिलना इस बात का संकेत है कि इन क्षेत्रों में अभी और प्रभावी कार्य किए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
विशेषज्ञों की दृष्टि से भी पेयजल और सड़कें किसी भी शहर के विकास की बुनियाद होती हैं। बेहतर सड़कें जहां यातायात, व्यापार और आवागमन को आसान बनाती हैं, वहीं नियमित एवं स्वच्छ पेयजल व्यवस्था सीधे हर परिवार के जीवन से जुड़ी हुई है।
रोजगार और उद्योग दूसरे स्थान पर
जनमत सर्वे में रोजगार और उद्योग को 23.1 प्रतिशत लोगों ने प्राथमिकता दी। यह आंकड़ा बताता है कि छिंदवाड़ा के नागरिक केवल मूलभूत सुविधाओं तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि शहर और जिले में रोजगार के नए अवसर तथा औद्योगिक विकास भी उनकी प्रमुख अपेक्षाओं में शामिल है।
युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और स्थानीय स्तर पर नए उद्योगों को प्रोत्साहन देना आने वाले समय में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण चुनौती और अवसर दोनों हो सकते हैं।
किसानों की समस्याएं भी प्रमुख मुद्दा
सर्वे में 18.5 प्रतिशत लोगों ने किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता बताया। कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण किसानों से जुड़े मुद्दे हमेशा महत्वपूर्ण रहे हैं। सिंचाई, फसल का उचित मूल्य, कृषि सुविधाएं और किसानों की आर्थिक मजबूती जैसे विषयों पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
विकास कार्यों को मिले 16.9 प्रतिशत मत
वहीं 16.9 प्रतिशत लोगों ने शहर के विकास कार्यों को सबसे बड़ी प्राथमिकता माना। हालांकि यह प्रतिशत अन्य मुद्दों की तुलना में कम है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि विकास कार्य महत्वपूर्ण नहीं हैं। बल्कि सर्वे के नतीजे यह संकेत देते हैं कि शहरवासी विकास को बुनियादी सुविधाओं, रोजगार और जनहित से सीधे जोड़कर देखना चाहते हैं।
क्या कहते हैं जनमत के आंकड़े?
छिंदवाड़ा अपडेट के इस जनमत सर्वे के परिणाम एक महत्वपूर्ण संदेश देते हैंकृशहरवासियों की अपेक्षा केवल घोषणाओं की नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाले बदलाव की है।
जनता चाहती है कि पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान हो, शहर की सड़कें बेहतर हों, युवाओं को रोजगार मिले और किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना जाए। आने वाले समय में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के लिए यह जनमत शहर की वास्तविक प्राथमिकताओं को समझने का एक महत्वपूर्ण संकेत साबित हो सकता है।
एक नजर में जनमत के नतीजे
- पेयजल और अच्छी सड़कें - 41.5 प्रतिशत
- रोजगार और उद्योग - 23.1 प्रतिशत
- किसानों की समस्याएं - 18.5 प्रतिशत
- विकास कार्य - 16.9 प्रतिशत
छिंदवाड़ा अपडेट का जनमत लगातार जनता की आवाज को मंच देने का प्रयास है। आपकी राय, आपके शहर की प्राथमिकताओं को तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।