सैलरी पर सवाल, सांसद ने कलेक्टर से मांगा जवाब
छिंदवाड़ा
17-Jun-26
बातचीत का वीडियो वायरल
कर्मचारियों के वेतन का मुद्दा गरमाया, सांसद-कलेक्टर संवाद बना चर्चा का विषय
छिंदवाड़ा
जिले में आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों के लंबित वेतन का मुद्दा चर्चा का विषय बन गया है। विगत दिनों वेतन नहीं मिलने से परेशान आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सांसद बंटी विवेक साहू से गुहार लगाई थी। सांसद ने तुरंत ही फोन पर कलेक्टर से बातचीत की जिसका वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया में वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। वीडियो सामने आने के बाद कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के बीच वेतन भुगतान की स्थिति को लेकर बहस तेज हो गई है।
वायरल वीडिया में सांसद बंटी विवेक साहू कलेक्टर हरेन्द्र नारायण से आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन को लेकर बातचीत कर रहे थे लेकिन बातचीत को लेकर आम नागरिकों में चर्चा है कि ये सांसद और कलेक्टर के बीच तीखी नोंकझोंक है। सांसद ने कर्मचारियों की आर्थिक परेशानियों का मुद्दा उठाते हुए वेतन भुगतान में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की गई तो वहीं कलेक्टर की ओर से उपलब्ध संसाधनों और प्रक्रियाओं से जुड़ी जानकारी रखी गई।
कर्मचारियों पर पड़ रहा सीधा असर
वायरल वीडियो में सांसद श्री साहू कलेक्टर को ये समझाने का प्रयास करते हुए दिखे कि वेतन किसी भी कर्मचारी और उसके परिवार की आजीविका का मुख्य आधार होता है। समय पर वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों को दैनिक खर्च, बच्चों की शिक्षा, बैंक ऋण की किस्तें, चिकित्सा और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में वेतन भुगतान में देरी कर्मचारियों के बीच असंतोष का कारण बनती है।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों ने कर्मचारियों की समस्याओं को जायज बताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है, जबकि कुछ लोगों ने प्रशासनिक और वित्तीय प्रक्रियाओं को भी समझने की आवश्यकता बताई है।
जनप्रतिनिधियों की सक्रियता पर चर्चा
वीडियो वायरल होने के बाद जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। आम नागरिकों का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते जो लोग उनके पास समस्या लेकर जाएंगे तो वे प्रशासन के अधिकारियों से ही मामले में बातचीत करेंगे और समस्या को हल करने के लिए कहेंगे। अब यह प्रशासनिक अधिकारियों पर निर्भर है कि वे मामले को किस तरह से हल करते हैं ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान हो।
प्रशासन के सामने चुनौती
विशेषज्ञों का मानना है कि कर्मचारियों को समय पर वेतन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि किसी विभाग में वित्तीय या तकनीकी कारणों से भुगतान प्रभावित हो रहा है, तो संबंधित अधिकारियों को तत्काल कदम उठाने चाहिए ताकि कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
समाधान की उम्मीद
वायरल वीडियो के बाद कर्मचारियों को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और लंबित वेतन भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। अब सभी की निगाहें प्रशासन और संबंधित विभागों की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।