पूर्व सैनिक ने कमलनाथ, नकुलनाथ और सुनील उइके से पूछा ‘क्या वह गुंडा है’
छिंदवाड़ा
17-Jun-26
सैनिक ने अपने साथियों के साथ कांग्रेस कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
सार्वजनिक पुलिसिया कार्रवाई से आहत है पूर्व सैनिक आशीष कुमार ठाकरे
छिंदवाड़ा
भारतीय सेना के भूतपूर्व सैनिक आशीष कुमार ठाकरे ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व सांसद नकुलनाथ एवं जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके को संबोधित एक पत्र जारी कर स्वयं को गुंडा और असामाजिक तत्व बताए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया, जिससे उन्हें और उनके परिवार को मानसिक आघात पहुंचा है। श्री ठाकरे ने बुधवार को कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया।
पत्र में आशीष कुमार ठाकरे ने कहा है कि उन्होंने भारतीय सेना में 17 वर्षों तक सेवा दी है। इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर के बारामूला, अरुणाचल प्रदेश के तवांग सहित देश के कई दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देकर राष्ट्र की रक्षा में योगदान दिया। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी से ग्राम चारगांव प्रहलाद में कृषि भूमि खरीदी और खेती-किसानी के माध्यम से परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।
पूर्व सैनिक का कहना है कि सोशल मीडिया पर उन्हें असामाजिक तत्व एवं गुंडा जैसे शब्दों से संबोधित किया गया, जबकि उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उन्होंने इसे न केवल अपनी व्यक्तिगत मानहानि बल्कि देश के भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान पर भी आघात बताया है।
पुलिस द्वारा निकाले गए सार्वजनिक जुलूस से हुए आहत
आशीष ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया कि उनके विरुद्ध किए जा रहे कथित दुष्प्रचार और दबाव के चलते स्थानीय पुलिस द्वारा उनका सार्वजनिक रूप से जुलूस निकाला गया, जिससे उन्हें और उनके परिवार को सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ा। पत्र के माध्यम से उन्होंने संबंधित नेताओं से भविष्य में बिना तथ्यों की पुष्टि किए किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार न करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने अपने विरुद्ध दर्ज एफआईआर को तत्काल वापस लेने की मांग भी की है। यह पत्र भूतपूर्व सैनिक समिति छिंदवाड़ा के अध्यक्ष हवलदार देवेंद्र डोबलेकर, उपाध्यक्ष सूबेदार मेजर प्रभाकर कराड़े तथा हवलदार एस.के. पाठे के समर्थन के साथ जारी किया गया है।