पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल को नहीं मिला फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट
छिंदवाड़ा
28-Jul-26
कलेक्टर श्री नारायन ने सुनी 183 आवेदकों की समस्यायें

छिन्दवाडा
राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आज मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 183 आवेदकों की समस्यायें सुनी। इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये।
जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, नक्शा दुरूस्त करने, अतिक्रमण हटाने एवं नाला गहरीकरण करने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, बिजली पानी की समस्या आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी। कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया।
पोद्दार स्कूल प्रबंधन ने कलेक्टर से लगाई गुहार
नागपुर रोड शिकारपुर स्थित पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक हरीश खंडेलवाल ने भी आज कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में आवेदन कर फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट दिलाने की मांग की तो वहीं पलटवाड़ा के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन दिया। इनके अलावा ग्राम पिण्डरईखुर्द के दुर्गेश परतेती ने सर्पदंश के कारण माताजी की मृत्यु होने पर आर्थिक सहायता स्वरूप अनुदान राशि दिलाने, ग्राम सतनूर की श्रीमती कविता माडेकर ने राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना का लाभ दिलाने, ग्राम नरसला के रामनाथ धुर्वे ने पिता की मृत्यु उपरांत परिवार के सदस्यों के नाम फौती व खसरा में दर्ज कराने, परासिया के संतोष डेहरिया ने फौती नामांतरण के कार्य को पूर्ण कराने, जुन्नारदेव के ग्राम धाउ के सुमरसिंग ने भूमि का पट्टा बनवाने, ग्राम बेलगाँव के शिवकुमार मर्सकोले ने इलाज हेतु आर्थिक सहायता दिलाने की मांग का आवेदन कलेक्टर श्री नारायण को दिया।
एसआर फेस टू कॉलोनी के वांशिदें भी पहुंचे कलेक्ट्रेट
छिंदवाड़ा नगर के परासिया रोड एसआर फेस टु कॉलोनी वार्ड नंबर-48 पोआमा के रहवासियों ने कॉलोनी में नल-जल और बिजली जैसी समस्त मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराने को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन दिया। कॉलोनीवासियों ने बताया कि कॉलोनाईजर ने मूलभूत सुविधाओं का सपना दिखाकर प्लाट बेचे लेकिन अब तक कॉलोनी में नल-जल, बिजली जैसी सुविधाओं के लिए रहवासियों को परेशान होना पड़ रहा है।
जनसुनवाई में छिंदवाड़ा नगर के वार्ड नंबर-19 के श्री रामभरोस साहू ने वृध्दापेंशन दिलाने, छिंदवाड़ा नगर के वार्ड नंबर-47 आदर्श नगर, महुआटोला के ऋषि उइके ने वार्ड नंबर-47 आदर्श नगर, महुआटोला में स्ट्रीट लाइट एवं स्पीड ब्रेकर लगाने, नगर के एसबीआई कॉलोनी की श्रीमती देवकली ने लाड़ली बहना योजना की राशि दिलाने एवं नगर के शिक्षक कॉलोनी के श्री शानू मोहम्मद सिद्दीकी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि दिलाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एडीएम धीरेन्द्र सिंह व एसडीएम सुधीर जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।