बीज बचाने और पौधे लगाने का लिया संकल्प
छिंदवाड़ा
09-Jul-26
विद्यार्थियों को बताया जैव विविधता का महत्व
पर्यावरण संरक्षण के लिए जीवनशैली में बदलाव पर दिया जोर

छिंदवाड़ा
जैव विविधता का संरक्षण मानव अस्तित्व की सुरक्षा के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। यदि प्रकृति का संतुलन बिगड़ा तो इसका सीधा असर मानव जीवन पर पड़ेगा। इसी उद्देश्य से कुकड़ा ग्राम उत्थान समिति, छिंदवाड़ा द्वारा मिशन लाइफ अभियान के तहत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चांद में जैव विविधता संरक्षण विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया गया।
संगोष्ठी में पर्यावरणविद् श्यामल राव ने कहा कि मिशन लाइफ प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से घरों में उपयोग किए गए फलों के बीजों को फेंकने के बजाय एकत्रित कर पहाड़ियों और खाली स्थानों पर रोपित करने तथा घरों और खेतों की मेड़ों पर अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।
प्राचार्य महेश कुमार रघुवंशी ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से जैव विविधता को व्यापक नुकसान होता है। इसे बचाने के लिए नदियों, नालों और प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम संयोजक एवं राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक राकेश कुमार मालवीय ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला।
संगोष्ठी के अंतिम सत्र में विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। इसमें प्लास्टिक प्रदूषण, वैकल्पिक ऊर्जा, वन एवं वन्यजीव संरक्षण, जल और वायु प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा जैव विविधता से जुड़े प्रश्न पूछे गए। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान भी किया।
कार्यक्रम में शिक्षक रघुनाथ वर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।