Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्राचार्यों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्राचार्यों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
छिंदवाड़ा
09-Jul-26
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सतेन्द्र मरकाम ने ली बैठक

छिन्दवाडा 

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सतेन्द्र सिंह मरकाम की अध्यक्षता में शासकीय कन्या शिक्षा परिसर छिंदवाड़ा में आज विभागीय प्राचार्यों एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक संचालक (शिक्षा), क्षेत्र संयोजक, विभागीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के समस्त प्राचार्य तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में नवीन शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए छात्र हित एवं शैक्षणिक गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त श्री मरकाम ने सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन, समय पर पाठ्यपुस्तकों का वितरण तथा पात्र विद्यार्थियों को साइकिल वितरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही ओटीआर, छात्रवृत्ति, ई-अटेंडेंस एवं अपार आईडी से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विभागीय निर्देशों के अनुरूप अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने, जर्जर भवनों का चिन्हांकन कर विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने तथा आवश्यकता पड़ने पर अन्य शासकीय भवनों में विद्यालय संचालित करने के निर्देश दिए। सभी संस्थाओं में प्रभावी आपदा प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण, सभी विद्यालयों में व्यापक पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण की व्यवस्था तथा संकुल प्राचार्यों एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ विद्यालयों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड की बिंदुवार समेकित जानकारी निर्धारित समय-सीमा में विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी अधिकारियों से विभागीय योजनाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का आह्वान किया गया।
Share News On