Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

अब परासिया में नपा का अकाउंटेंट रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ाया

अब परासिया में नपा का अकाउंटेंट रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ाया
छिंदवाड़ा
17-Feb-26

छिंदवाड़ा

लगता है परासिया नगर पालिका के दिन बुरे चल रहे हैं। नगर पालिका के अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार और व्याभिचार के आरोपों की आंच अभी ठंडी भी नहीं हुई कि कार्यालय का एक और कर्मचारी आज दोपहर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी को अपना अधिकार समझने वाले एक और कर्मचारी को जागरूक नागरिक ने लोकायुक्त में शिकायत कर पकड़वा दिया। 

मिली जानकारी के अनुसार नगर पालिका में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करने वाला प्रार्थी लाल, पिता स्व. सुन्दर लाल अगस्त 2025 में सेवानिवृत्त हुआ था। कायदे से उसे उसका ग्रेच्युटी और पेंशन का हक सम्मान के साथ मिलना चाहिए था लेकिन नगर पालिका में बैठे भ्रष्ट तंत्र ने उसे भी नहीं बख्शा। अकाउंटेंट शैलेन्द्र शर्मा (54 वर्ष) ने इस हक को जारी करने के बदले 25,000 रुपये की घूस मांगी। शर्म की बात यह है कि पीड़ित पहले ही 20,000 रुपये दे चुका था, फिर भी सिस्टम का पेट नहीं भरा और शेष 5,000 रुपये के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। उसने इस बात की शिकायत जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में कर दी। लोकायुक्त के अधिकारियों ने रिश्वतखोर कर्मचारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और उसे नगर पालिका का अकाउंटेट शैलेन्द्र शर्मा रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

इस मुद्दे पर ‘‘छिंदवाड़ा अपडेट चला रहा जनमत अभियान’’

छिंदवाड़ा अपडेट सरकारी कार्यालयों में रिश्वत को लेकर जनमत अभियान चला रहा है। इस अभियान में वोट कर आप भी जागरूक नागरिक होने का परिचय दीजिय। आईए आप और हम मिलकर सरकारी कार्यालय में चल रहे इस भ्रष्टाचार को खत्म करने में मदद करें और आम नागरिकों को इससे मुक्ति दिलाएं। यदि आपके साथ भी ऐसा हो रहा हो हमें सूचित करें।




Share News On