आखिर कौन है वे 3-4 लोग जो कर रहे षड्यंत्र?
छिंदवाड़ा
16-Feb-26
परासिया नपा अध्यक्ष ने वीडियो वायरल कर जनता को बताई व्यथा
न्याय न मिलने पर परिवार सहित आत्महत्या का किया जिक्र
छिंदवाड़ा
भ्रष्टाचार और महिला के साथ अनैतिक संबंध बनाने जैसे आरोपों से घिरे भाजपा से निष्कासित परासिया नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विनोद यादव को अपनी व्यथा आम जनता को बताने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म का सहारा लेना पड़ा। सोमवार को जब फेसबुक में उनका वीडियो वायरल हुआ तो कोयलांचल सहित पूरे जिले के राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई कि कौन वो 3-4 लोग हैं जो उनके खिलाफ षड्यंत्र रच कर उनका राजनीतिक कैरियर तबाह कर रहे हैं। क्या भाजपा के नेता सच्चाई से वाकिफ नहीं है या फिर वे अनदेखी कर रहे हैं।
कमीशन का खेल और कठपुतली अध्यक्ष की तलाश?
सत्ताधारी राजनीतिक दल के नेता या काम के बदले ठेकेदारों द्वारा दिया जाने वाला तगड़ा कमीशन या फिर अगले साल होने वाले नगरीय निकायों चुनावों की तैयारी में जुटे कद्दावर नेता इन तीन में से कोई है जो वर्तमान से खेल रहा है लेकिन पिस रही है परासिया नगर की जनता। राजनीति में उलझी परासिया नगर पालिका में सारे काम ठप पड़े हैं। इधर पूर्व अध्यक्ष उनको परेशान करने वालों के नाम भी नहीं ले रहे हैं कि आखिर कौन है जो उनका राजनीतिक कैरियर तबाह कर रहा है। सोमवार को जारी वीडियो में पूर्व नपाध्यक्ष विनोद यादव ने जनता के समक्ष अपनी सफाई पेश करते हुए कहा कि वे वर्ष 98 से भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनके अध्यक्ष बनने के बाद से ही 3-4 लोग उनके खिलाफ षड्यंत्र रच रहे है। वीडियो में उन्होंने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे परिवार सहित आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। देखना है सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वीडियो जारी होने के बाद परासिया की राजनीति में क्या बदलाव होता है। पार्टी से निष्कासित कर चुका भाजपा का शीर्ष नेतृत्व उन्हें अभयदान देता है या फिर विनोद यादव अपना राजनीतिक कैरियर बचाने के लिए कौन सा अगला कदम उठाते हैं?