दुर्घटना में फिर किसी के मरने का इंतजार कर रहा नगर निगम?
छिंदवाड़ा
16-Feb-26
4 माह पूर्व महिला की दुर्घटना में मौत के बाद जागा था निगम प्रशासन
सांसद ने शीघ्र पुलिया निर्माण का दिलाया था भरोसा
छिंदवाड़ा
नरसिंहपुर नाके के पास बन रही एक पुलिया का काम 4 माह में भी पूर्ण नहीं हो पाया है यह हाल है शहर की सरकार के जबकि पुलिया निर्माण से कुछ ही दूरी पर शहर के प्रभावशाली और कांग्रेस के कद्दावर नेता व नगर निगम अध्यक्ष सोनू मागो का निवास है तो वहीं सत्ता पक्ष में बैठी भाजपा और उसके जनप्रतिनिधि ट्रिपल इंजन की सरकार का दम भरते है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके कमलनाथ वर्तमान में छिंदवाड़ा के विधायक है। इतने बड़े-बड़े नेता और ट्रिपल इंजन की सरकार के बाद भी काम की इतनी धीमी रफ्तार। शहर की जनता कर रही सवाल? आखिर कौन है इसके लिए जिम्मेदार? क्या नगर निगम और जनप्रतिनिधि फिर किसी दुर्घटना में किसी नागरिक के मरने का इंतजार कर रहे हैं तब पुलिया का शेष कार्य पूर्ण होगा।

पुलिया निर्माण से परेशानी उन्हें नहीं है जो कार से चलते हैं परेशान वे लोग हो रहे हैं जो रोजमर्रा के काम के लिए यहां से प्रतिदिन दुपहिया वाहन से जान जोखिम में लेकर गुजर रहे हैं। पता नहीं कब कौन दुर्घटना का शिकार हो जाए और उसकी जान चली जाए। गौरतलब है कि टूटी पुलिया के निर्माण की मांग उठने पर नगर निगम प्रशासन ने यहां काम के नाम पर सड़क तो खोदी लेकिन उसके बाद काम पूर्ण करने की कभी सुध ही नहीं ली। टूटी सड़क की गिट्टियों के कारण वहां से गुजर रहे एक दंपत्ति की पत्नी दुर्घटना का शिकार हो गई और इस हादसे में उसकी जान चली गई। तब पूरे शहर में और मीडिया में हल्ला मचा। कांग्रेस को मौका मिला और उसने धरना प्रदर्शन कर अपनी जिम्मेदारी पूर्ण कर ली तो वहीं सांसद ने भी सुध ली और काम जल्द से जल्द कराने का भरोसा दिलाया। आम जनता को लगा कि अब काम जल्दी होगा लेकिन 5 माह बीत जाने के बाद भी आज भी सड़क जस की तस है। वहां से आने-जाने वाले लोग प्रतिदिन अपनी जान हथेली पर लेकर सफर कर रहे हैं।
जनता का सवाल, आखिर क्यों रूका हुआ है काम?
यह बात किसी को भी समझ नहीं आ रही है कि आखिर इतनी संवेदनशील जगह होने के बावजूद उस पुलिया का निर्माण क्यों पूरा नहीं हो रहा है। क्या नगर निगम की रूचि नहीं है? क्या ठेकेदारों को निर्माण का पैसा नहीं मिलेगा? क्या कमीशन में काम अटका पड़ा है? क्या जनप्रतिनिधि रूचि नहीं ले रहे हैं? क्या निगम के पास निर्माण कार्य का फंड नहीं है? कारण कुछ भी हो लेकिन प्रतिदिन परेशान आम जनता हो रही है।
सांसद बंटी विवेक साहू से लोगों को अभी भी हैं उम्मीदें
जिले की जनता के सुख-दुख में शामिल होने उनके घरों तक पहुंचने वाले संवेदनशील सांसद बंटी विवेक साहू से क्षेत्र की जनता उम्मीद लगाए टकटकी निगाहों से देख रही है। आश्वासन तो 4 माह पूर्व मिल चुका है लेकिन कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है। क्षेत्र की जनता चाहती है कि एक बार फिर बंटी विवेक साहू इस मामले में सीधे हस्तक्षेप करें ताकि पुलिया का निर्माण जल्दी से जल्दी पूरा हो सके और क्षेत्र की जनता भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं से बच सके।