सांसद वर्तमान की समस्याओं का पहले निदान करें: किसान कांग्रेस
राजनीति
13-Aug-26
किसानों को खाद और उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, महंगाई दम निकाल रही

छिन्दवाड़ा
नोट बंदी, काला धन, पंद्रह लाख और दो करोड़ युवाओं को प्रतिवर्ष रोजगार, जनता यह सपना अभी भूली नहीं है और सांसद ने नये सपने दिखाने प्रारंभ कर दिए हैं। बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल फिर संशोधित नए कानून से किसानों को और छोटे कारोबारियों को लोन का लाभ मिलने का सपना दिखा रहे हैं। नए बिल और संशोधित कानून से जब फायदा होगा तब होगा, लेकिन वर्तमान में जिले के कोने-कोने से किसान खाद के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं, अपनी उपज के उचित मूल्य के लिए भटक रहे हैं..यह सब सांसद को दिखाई नहीं दे रहा है। बड़े ताज्जुब की बात है कि एक जिम्मेदार पद पर रहते हुए भाजपा सांसद भविष्य की बात कर रहे हैं, लेकिन वर्तमान की समस्याओं पर चुप्पी साधे हुए हैं। उक्त उदगार किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह ने जारी बयान के माध्यम से व्यक्त किए।
अपने बयान में श्री चौधरी ने कहा कि देश, प्रदेश और जिले की जनता वो सारे सपने देख चुकी है, अब वर्तमान की समस्याओं का निराकरण चाहती है। महीनों तक किसान भाइयों ने मक्का उपज के उचित मूल्य के लिए आंदोलन किया। शत प्रतिशत मूंग की खरीदी नहीं हुई। प्रदेश सरकार ने अपने वादे के अनुसार किसान भाइयों का गेहूं निर्धारित मूल्य पर नहीं खरीदा। विकास के सारे कार्य ठप पड़े है। बिल पास होगा तो भविष्य में उसका फायदा होगा, लेकिन उसके इंतजार में वर्तमान की बलि नहीं चढ़ाई जा सकती। जनता सांसद को इसीलिये चुनती है कि वह जनसमस्याओं का निदान करें, विकास के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें इसीलिये पूरी उम्मीद है कि वर्तमान की समस्याओं के त्वरित निदान पर सांसद का ध्यान केन्द्रित होगा।