संविधान रक्षा मार्च को लेकर महिला कांग्रेस सेवादल ने की बैठक
राजनीति
22-Nov-26
छिंदवाड़ा अपडेट

आगामी 26 नवंबर को जबलपुर में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों को लेकर राजीव कांग्रेस भवन, छिंदवाड़ा में जिला महिला कांग्रेस सेवादल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 26 नवंबर को जबलपुर में आयोजित होने वाले संविधान रक्षा मार्च में अधिक से अधिक महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला कार्यवाहक अध्यक्ष श्रीमती सीमा शुक्ला ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में महिलाओं को जबलपुर ले जाने और संगठनात्मक जिम्मेदारियों का सक्रियता से निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महिला सेवादल की पदाधिकारियों ने वीरांगना झलकारी बाई की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। वक्ताओं ने उनके अदम्य साहस, वीरता और देशभक्ति को याद किया। झलकारी बाई 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में रानी लक्ष्मीबाई के साथ अंग्रेजी सेना के विरुद्ध बहादुरी से लड़ी थीं। उनका जीवन साहस, संघर्ष और नारी शक्ति की प्रेरणादायक मिसाल है।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष सिंधु यादव, जिला संयुक्त सचिव निशा गोहिया, नगर उपाध्यक्ष रवीना कोचे, दक्षिण ब्लॉक पदाधिकारी सन्नो कुमरे , मध्य ब्लॉक अध्यक्ष महाजवीन खान, मोहखेड़ ब्लॉक अध्यक्ष ज्योति मरकाम एवं ब्लॉक उपाध्यक्ष सन्नौ मरकाम सहित महिला सेवादल की अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।