Home News Helpline Classified Jobs About Contact

आग से बचाव और त्वरित कार्रवाई का दिया गया प्रशिक्षण

आग से बचाव और त्वरित कार्रवाई का दिया गया प्रशिक्षण
छिंदवाड़ा
22-Nov-26
नए फायर एक्ट एवं अग्नि सुरक्षा नियमों की दी गई जानकारी

छिन्दवाडा अपडेट

जिले में अग्नि दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम एवं आपातकालीन परिस्थितियों से तत्परतापूर्वक निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देश पर जिले की समस्त नगरीय निकायों के अधिकारियों एवं फायर स्टाफ के लिए एक दिवसीय विशेष अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उल्लेखनीय है कि विगत दिनों कलेक्टर श्री नारायन ने नगर निगम के सभागृह कक्ष में जिले के सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) की बैठक लेकर राज्य सरकार द्वारा लागू नए फायर एक्ट मध्यप्रदेश अग्निशमन और आपातकालीन सेवा सामान्य नियम 2026 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा फायर विभाग के कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए थे।

इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में 22 नवंबर 2026 को नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के आयुक्त एवं जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी चंद्रप्रकाश राय के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले की सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं फायर स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता की।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए फायर एक्ट और मध्यप्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा सामान्य नियम 2026 के प्रमुख प्रावधानों, अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र, निर्धारित भवनों के वार्षिक फायर ऑडिट तथा वैधानिक दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुचारू रखने और सूचना मिलते ही बिना विलंब राहत दल रवाना करने की कार्यप्रणाली पर विशेष जोर दिया गया।

विशेषज्ञों द्वारा आग लगने के संभावित कारणों, विभिन्न श्रेणियों की आग पर नियंत्रण की आधुनिक तकनीकों तथा अग्निशमन यंत्रों और फायर टेंडर के सुरक्षित एवं त्वरित संचालन की जानकारी दी गई। सैद्धांतिक प्रशिक्षण के साथ फायर स्टाफ को आपातकालीन बचाव कार्यों एवं अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, ताकि आपात परिस्थितियों में उनकी कार्यक्षमता और तत्परता को मजबूत किया जा सके।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने निकाय क्षेत्रों में मध्यप्रदेश अग्निशमन और आपातकालीन सेवा सामान्य नियम 2026 तथा अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम को हर समय सक्रिय रखा जाए तथा फायर स्टाफ और सभी संसाधनों को सदैव अलर्ट मोड पर रखा जाए, जिससे किसी भी आकस्मिक घटना या आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके और जन-धन की हानि को रोका जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर निगम के फायर अधिकारी श्री अभिषेक दुबे सहित जिले के सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं विभिन्न नगरीय निकायों के फायर विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।
Share News On

जीवन में ऐसी कोई चीज नहीं है जिससे डरा जाये जरूरत केवल उसे समझने की है.!