Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जनजातीय गौरव दिवस पर श्रद्धा के साथ याद किये गए भगवान बिरसा मुंडा

जनजातीय गौरव दिवस पर श्रद्धा के साथ याद किये गए भगवान बिरसा मुंडा
छिंदवाड़ा
16-Nov-26
छिंदवाड़ा अपडेट

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जिले भर में अनेक स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासियों ने अपनी उपस्थिति दी।जनजातीय कार्य विभाग, जिला छिंदवाड़ा के तत्वावधान में शासकीय संदीपनी विद्यालय ग्राउंड, तामिया में जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम में अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश शाह मुख्य अतिथि तथा भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नगर निगम महापौर विक्रम आहके एवं जिला पंचायत सदस्य तथा भाजपा जिला महामंत्री कमलेश उइके भी कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत का उत्सव मनाया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति उनके अमर बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमारी सांस्कृतिक विरासत, स्वाभिमान और गौरवशाली इतिहास को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। जनजातीय समाज ने देश की संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में सदैव महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष, सामाजिक चेतना और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश शाह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों, सम्मान और अस्मिता की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका बलिदान केवल जनजातीय समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। 

नगर निगम महापौर विक्रम आहके ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराएं, लोककलाएं और जीवनशैली भारतीय सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं। जनजातीय समाज ने अपनी विशिष्ट पहचान और सांस्कृतिक मूल्यों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संजोकर रखा है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान क्रांतिकारी का जीवन हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और समाज के हित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।

जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला महामंत्री कमलेश उइके ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए जागरूक एवं संगठित होने का संदेश दिया। उनका संघर्ष हमें अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने तथा समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कांता ठाकुर, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी श्रीमती ज्योति डेहरिया, आशीष ठाकुर, संजय पटेल, वीरेंद्र राय, जितेंद्र शाह, संदीप रघुवंशी, राहुल उईके सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

माय भारत छिंदवाड़ा ने मनाया जनजातीय गौरव दिवस

माय भारत छिंदवाड़ा द्वारा पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास, छिंदवाड़ा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर नगर निगम महापौर विक्रम अहाके मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर माय भारत छिंदवाड़ा की ओर से महापौर विक्रम अहाके को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जनजातीय महापुरुषों के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में कमलेश डेहरिया, हेमकरण टेकाम, जगदीश गोदरे, पवन गोस्वामी, नीरज पवार, आंशिक रघुवंशी, विवेचना डेहरिया सहित अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हर्रई के चुरीसाजवा में श्रद्धा के साथ मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा जयंती

हर्रई के ग्राम चुरीसाजवा में जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव एवं महापौर विक्रम अहाके विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री कमलेश उइके, भारिया विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष दिनेश अंगारिया, मंडल अध्यक्ष राम नारायण धुर्वे, मंडल महामंत्री प्रियंक शर्मा, संजय पटेल, धर्मेंद्र मिगलानी, राजेश डेहरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।
Share News On