सभी को भगवान बिरसा मुंडा की राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेना चाहिए
छिंदवाड़ा
16-Nov-26
जन अभियान परिषद द्वारा 11 विकासखंडों में
मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस
छिंदवाड़ा अपडेट
जनजातीय गौरव दिवस 15 नवंबर 2026 के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड एवं जिला छिंदवाड़ा के तत्वावधान मे प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस महाविद्यालय छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की नियमित कक्षा के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गौरव दिवस पर रैली निकाल कर देश के गौरव भगवान बिरसा मुंडा जी को याद किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी के छायाचित्र के समक्ष अतिथियों द्वारा माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने अपने उद्बोधन में बताया कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज की राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान एवं देश की स्वतंत्रता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए किए गए योगदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजन हमें अपने गौरवशाली इतिहास और जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष एवं बलिदान का एहसास कराते हैं। समाज सेवी श्यामल राव ने भगवान बिरसा मुंडा के मात्र 25 वर्षों के अल्प जीवनकाल में किए गए ऐतिहासिक कार्यों और भारतीय इतिहास में उनके विशिष्ट स्थान पर प्रकाश डाला।
श्रीमति लता नागले ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा का योगदान अत्यंत उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी है। श्री मति तृप्ति सिंह ने ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, शिक्षा, संघर्ष एवं उनके व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन पर अपने उदगार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन पाठ्यक्रम के परामर्शदाता श्रीमति लता नागले ने किया तथा परामर्श दाता श्री आशीष साहू ने उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधियों तथा नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।