एफडीडीआई में 27 नवंबर को होगा छठा दीक्षांत समारोह
शिक्षा
25-Nov-26
स्नातक एवं स्नातकोत्तर सत्र 2026 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी उपाधियां

छिन्दवाडा अपडेट
फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफ.डी.डी.आई.), छिंदवाड़ा में 27 नवंबर 2026 को छठे दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के सत्र 2026 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग, जबलपुर के निदेशक श्री भारतेंदु के.सिंह शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में 8वीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल (एस.ए.एफ.), छिंदवाड़ा की कमांडेंट श्रीमती निवेदिता गुप्ता तथा एफ.डी.डी.आई. के पूर्व छात्र एवं रिलायंस रिटेल में मैनेजर ऑपरेशंस के पद पर कार्यरत श्री अमित रेवस्कर उपस्थित रहेंगे।
एफ.डी.डी.आई. छिंदवाड़ा के कार्यकारी निदेशक राकेश शर्मा ने बताया कि दीक्षांत समारोह शैक्षणिक जीवन का एक महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण अवसर होता है। यह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और उनकी मेहनत का सम्मान करने के साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत का प्रतीक है। एफ.डी.डी.आई. के प्रबंध निदेशक विवेक शर्मा (आई.ए.एस.) के मार्गदर्शन में इस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में छिंदवाड़ा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य भी शामिल होकर उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान करेंगे।