जबलपुर, भोपाल और छिंदवाड़ा के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा
खेल
01-Nov-26
द्वितीय राज्य स्तरीय रोप स्किपिंग चौंपियनशिप में जबलपुर प्रथम
छिंदवाड़ा द्वितीय एवं भोपाल तृतीय स्थान पर रहा
सांसद ने प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत

छिंदवाड़ा अपडेट
खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इस प्रकार के आयोजनों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने पूजा लॉन छिंदवाड़ा में द्वितीय राज्य स्तरीय रोप स्किपिंग चौंपियनशिप के कार्यक्रम में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने उद्बोधन में कहा।
द्वितीय राज्य स्तरीय रोप स्किपिंग चौंपियनशिप का शुभारंभ सांसद बंटी विवेक साहू के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहके उपस्थित रहे। इस दौरान आईआरएसएफ रोप स्किपिंग एसोसिएशन मध्यप्रदेश के महासचिव इमाम बख्श सौदागर ने जानकारी देते हुए बताया कि सांसद बंटी विवेक साहू के संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद मध्यप्रदेश में रोप स्किपिंग खेल गतिविधियों को एक नई गति और पहचान मिली है। उनके मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से प्रदेश के विभिन्न जिलों में इस खेल को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य है कि मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले से रोप स्किपिंग की टीमें तैयार हों और खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
उल्लेखनीय है कि आईआरएसएफ रोप स्किपिंग एसोसिएशन मध्यप्रदेश के तत्वावधान में एक नवंबर को पूजा लॉन छिंदवाड़ा में द्वितीय राज्य स्तरीय रोप स्किपिंग चौंपियनशिप 2026-27 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जबलपुर, भोपाल, बालाघाट एवं छिंदवाड़ा एवं खंडवा सिवनी की टीमों के लगभग 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया और रोप स्किपिंग की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे दिन चली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला। विशेष रूप से जबलपुर, भोपाल और छिंदवाड़ा की टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रही। खिलाड़ियों ने स्पीड हॉप, स्पीड स्प्रिंट, डबल अंडर स्पीड, एंड्योरेंस एवं फ्रीस्टाइल जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष सौरभ ठाकुर, अंकुर शुक्ला, नवीन बारस्कर, लीला बिजौलिया भाजपा के वरिष्ठ नेता जगेंद्र अलडक, बिट्टू मंडराह, रोहित पोफली, विशवेन्द्र बैस, ममता डोंगरे, निशा गोस्वामी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता की सबसे खास बात इसका सुव्यवस्थित प्रबंधन रहा। आयोजन में शामिल खिलाड़ियों, कोच, मैनेजर एवं तकनीकी अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की सराहना की। खिलाड़ियों के लिए खेल प्रतियोगिता से संबंधित सभी आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। पूरे दिन उत्साहपूर्ण वातावरण में प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। अंत में सांसद श्री विवेक बंटी साहू द्वारा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।
समापन अवसर पर खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु समाज सेवी नरेंद्र साहू, डॉ प्रोफेसर अनिल जैन, डीएसपी सीआईडी एसके पाटिल उपस्थित रहे और बच्चों को प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं संचालन में जावेद खान, अंकित सोलंकी, सबा खान, योगेश साहू, अनुराग दरिया, अकबर खान, मनोज देहरिया, वसीम खान सहित आईआरएसएफ की तकनीकी टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला छिंदवाड़ा रोप स्किपिंग एसोसिएशन के सचिव वसीम खान ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं एवं संचालन में विशेष योगदान दिया। अन्य जिलों से भी खेल पदाधिकारियों की विशेष उपस्थिति रही।
भोपाल से मध्यप्रदेश रोप स्किपिंग एसोसिएशन के मैनेजिंग डायरेक्टर संदीप राठौर, जबलपुर एसोसिएशन की सचिव श्रीमती सारिका सिंह खान एवं बालाघाट से आनंद साहू ने प्रतियोगिता में सहभागिता कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों, कोच, मैनेजर, तकनीकी अधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता ने एक बार फिर यह साबित किया कि मध्य प्रदेश में रोप स्किपिंग खेल के प्रति युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और यह खेल प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है।