कुसमैली कृषि उपज मंडी प्रांगण में 3 नवंबर को होगा बलराम महोत्सव
कृषि जगत
01-Nov-26
किसानों को मिलेगा वैज्ञानिक मार्गदर्शन
प्रगतिशील किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान

छिन्दवाडा अपडेट
किसानों के कल्याण, कृषि के आधुनिकीकरण एवं उन्नत कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन छिंदवाड़ा द्वारा 03 नवंबर 2026 को कृषि उपज मंडी प्रांगण कुसमैली, छिंदवाड़ा में बलराम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती की पद्धतियों एवं विभागीय प्रदर्शनी के माध्यम से कृषि संबंधी नवाचारों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही वैज्ञानिकों द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन एवं परिचर्चा के माध्यम से कृषि उत्पादन बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वैज्ञानिक परिचर्चा का होगा आयोजन
बलराम महोत्सव के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 11 बजे तक किसानों को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाया जाएगा तथा प्रातः 11 बजे से 11.30 बजे तक पंजीयन किया जाएगा। इसके पश्चात प्रातः 11.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वैज्ञानिक परिचर्चा आयोजित होगी। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ वैज्ञानिक किसानों को कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी देंगे।
प्रगतिशील किसानों एवं मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान
कार्यक्रम के अंतिम चरण में दोपहर 3 बजे से 3.30 बजे तक आमंत्रित अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही कृषि विभाग द्वारा अमल प्रदर्शन के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
किसानों से महोत्सव में भाग लेने की अपील
जिला प्रशासन द्वारा जिले के समस्त किसानों से बलराम महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है। किसान इस अवसर पर वैज्ञानिकों से कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी प्राप्त करें तथा आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ें।