जिला स्तरीय युवा उत्सव 04 एवं 05 नवंबर को
छिंदवाड़ा
21-Oct-26
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर पांच विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं
31 अक्टूबर तक करा सकेंगे पंजीयन

छिन्दवाडा अपडेट
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा दिवस के लिए जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 04 एवं 05 नवंबर को किया जाएगा। इस वर्ष युवा उत्सव की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है। उत्सव में कुल पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
युवा उत्सव के आयोजन की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा के मिनी सभा कक्ष में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने आयोजन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
दो दिनों में पांच विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं
जिला स्तरीय युवा उत्सव के अंतर्गत 04 नवंबर को प्रातः 11 बजे से एमएलबी स्कूल में कविता लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 05 नवंबर को शुक्ला मैदान स्थित टीटी हॉल में समूह लोकगीत, समूह लोक नृत्य एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग
युवा उत्सव में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। जिले के प्रतिभावान युवक-युवतियां, जो इन प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहते हैं, वे 31 अक्टूबर तक जिला खेल विभाग के कार्यालय में पहुंचकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। प्रतियोगिताओं एवं पंजीयन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला खेल विभाग के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।