वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी चौक के नामकरण की मांग
छिंदवाड़ा
13-Nov-26
महापौर विक्रम आहके को सौंपा ज्ञापन
छिंदवाड़ा अपडेट
अखिल भारतीय लोधी, लोधा, लोध महासभा जिला छिंदवाड़ा के पदाधिकारियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने नगर निगम महापौर विक्रम आहके से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने महापौर को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा उनके सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सौजन्य मुलाकात के दौरान महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने छिंदवाड़ा नगर के किसी प्रमुख चौक अथवा चौराहे का नाम अमर शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी जी के नाम पर किए जाने संबंधी मांग पत्र भी महापौर को सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी जी ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए अपना अमूल्य योगदान दिया था। उनका बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनके शौर्य, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को सम्मान देने तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से महासभा ने निम्नलिखित स्थानों में से किसी एक चौराहे का नामकरण अमर शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी चौक किए जाने की मांग रखी।
महासभा के पदाधिकारियों ने महापौर से आग्रह किया कि नगर निगम द्वारा इस मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए किसी एक उपयुक्त स्थान का नामकरण वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी जी के नाम पर किया जाए। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुखलाल वर्मा, इंजीनियर जी.पी. वर्मा, सुरेश वर्मा, विष्णु वर्मा, सुरेश वर्मा, भूपेंद्र पटेल युवा अध्यक्ष लोधी समाज, लोधी विपिन वर्मा, संतराम जंघेला, दीपक वर्मा सहित महासभा के अन्य पदाधिकारी एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। महासभा ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निगम महापौर एवं परिषद इस मांग को गंभीरता से लेते हुए वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी जी के सम्मान में सकारात्मक एवं ऐतिहासिक निर्णय लेंगे।