आई टी आई में छात्राओं को सिखाया चरित्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास कैसे करें
शिक्षा
13-Nov-26
गायत्री परिवार ने लगाया कन्या किशोर कौशल शिविर
छिंदवाड़ा अपडेट
अखिल विश्व गायत्री परिवार के मार्गदर्शन में जिला छिंदवाड़ा स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आई.टी.आई.) में कन्या किशोर कौशल शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आदिवासी आई.टी.आई. छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में कुल लगभग 162 छात्र एवं छात्राओ ने भाग लिया, जिनमें 98 छात्रा एवं 42 छात्र शामिल रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में प्रतिभा, आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में अनिलेष तिवारी (भोले श्री) ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए केवल शारीरिक ऊर्जा ही नहीं, बल्कि प्रतिभा की ऊर्जा, क्षमता की ऊर्जा, बौद्धिक क्षमता, मानसिक क्षमता एवं आत्मिक क्षमता का विकास आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आई.क्यू. के साथ-साथ ई.क्यू. और आत्मबल को बढ़ाकर ही युवा अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने व्यक्तित्व निर्माण एवं चरित्र निर्माण से अपने जीवन स्तर को ऊँचा उठाने पर प्रकाश डाला।
वहीं प्रमुख ट्रस्टी अशोक माहोरे ने सभी छात्र-छात्राओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन को सुखी, प्रसन्नचित्त एवं सार्थक बनाने के लिए, परिवार को गौरवान्वित करने के लिए तथा समाज में एक अच्छे नागरिक के रूप में प्रतिष्ठित होने के लिए जीवन में गुरु का मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। गुरु की प्रेरणा से ही युवा सही दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
तहसील समन्वयक हेमंत माहोरे ने आत्मसंयम एवं नियमितता विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि आत्मसंयम और नियमित दिनचर्या के माध्यम से हम अपने आप को स्वस्थ एवं दीर्घायु बना सकते हैं। मन की चंचलता को दूर कर मन को लक्ष्य की ओर केंद्रित करना ही सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर पूर्व ट्रस्टी सुखदेव वरडे, आई.टी.आई. के प्रमुख आचार्य, प्राचार्य निम्जे एवं मुख्य प्रशिक्षक श्री तिवारी सहित संस्थान के अन्य प्रशिक्षक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिविर के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं ने नियमित, संयमित एवं संस्कारयुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।