एसएके नर्सिंग कॉलेज और लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन को लेकर कलेक्टर नाराज
छिंदवाड़ा
24-Feb-26
समय सीमा की बैठक में जब उठा मुद्दा तो संबंधित विभाग को लगी फटकार
छिंदवाड़ा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीएम ऑफिस, सीएम हाउस, जनआकांक्षा, न्यायालयीन प्रकरणों तथा विभिन्न आयोगों के लंबित पत्रों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री नारायन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि समय-सीमा के भीतर शिकायतों और प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। निराकृत पत्रों के जवाब सभी संबंधित को प्रेषित कर दिये जायें।
नर्सिंग कॉलेज की शिकायत पर त्वरित संज्ञान
मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंची नर्सिंग छात्राओं ने एस.ए.के. नर्सिंग कॉलेज द्वारा अब तक परीक्षा आयोजित नहीं कराने की शिकायत की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर नारायन ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कॉलेज पहुंचकर दस्तावेजों की त्वरित जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यों पर जताई नाराज़गी
कलेक्टर श्री नारायन ने निरीक्षणकर्ता अधिकारियों से रेस्टोरेशन कार्य की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिये। जिसमें सामने आया कि लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन द्वारा अभी भी सभी साइट्स पर गुणवत्ता पूर्ण कार्य नहीं कराया गया है। कलेक्टर श्री नारायन ने रेस्टोरेशन कार्यों की निम्न गुणवत्ता पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदार को कार्य की स्थिति सुधारने की सख्त चेतावनी दी, साथ ही नगर निगम छिंदवाड़ा को अपने इंजीनियरों से सभी निर्माण साइट्स की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के सख्त निर्देश दिए।
जर्जर भवनों में स्कूल-आंगनबाड़ी संचालन पर सख्ती
कलेक्टर श्री नारायन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी जर्जर भवन में स्कूल या आंगनबाड़ी संचालित न किए जाएं। इसी तरह सभी स्कूलों की बाउंड्री वॉल की हालत भी देख ली जाए। बच्चों और आमजन की सुरक्षा से किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं संबंधित पंचायतों को जर्जर पानी की टंकियों को भी शीघ्र डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अन्य सभी विभागों को भी निर्देशित किया है कि शासकीय कार्यालयों का संचालन सुरक्षित बिल्डिंग में ही किया जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम सुधीर जैन, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत पी. राजौदिया सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। जिला मुख्यालय के अतिरिक्त सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल थे।