दुर्व्यवहार से नाराज वकीलों ने कलेक्ट्रेट में दिया ज्ञापन
छिंदवाड़ा
17-Jul-25
तहसीलदार पर लगाया अभद्रता का आरोप
छिंदवाड़ा
गुरूवार को तहसीलदार द्वारा एक वकील से किए गए अभद्र व्यवहार को लेकर गुस्साए वकीलों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन दिया और तहसीलदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि घटनाक्रम के समय छिंदवाड़ा तहसील न्यायालय में अच्छाखासा हंगामा हो गया और थोड़ी देर के लिए माहौल गरमा गया। गुस्साए वकील वापस आए और अपने साथ हुए दुर्व्यवहार को उन्होंने बार कौंसिल के सामने रखा। इस घटनाक्रम से सभी वकीलों में गुस्सा देखा गया।

छोटी बाजार राम मंदिर के पास रहने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता रामकुमार भारद्वाज अपने पक्षकार के साथ एक आवेदन लेकर तहसील न्यायालय गए थे। श्री भारद्वाज के अनुसार जब वे आवेदन की प्रति तहसीलदार को सौंपने लगे तो उन्होंने लेने से मना कर दिया। उन्होंने इस बात पर आपत्ति जताते हुए कहा कि आवेदन को स्वीकार करने से इंकार नहीं किया जा सकता तो तहसीलदार गुस्से में आ गए। उन्होंने आवेदन रखते हुए जोर सेबाहर निकल जाओ कहने लगे। श्री भारद्वाज को उनके अभद्र व्यवहार से काफी पीड़ा हुई और उन्होंने यह बात बार कौंसिल के अध्यक्ष राजकुमार मिश्रा को इस बात से अवगत कराया। बार कौंसिल के सदस्यों ने अपने साथी के साथ हुए दुर्व्यवहार पर गुस्सा करते हुए तुरंत ही कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन दिया और तहसीलदार के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।