मेडिकल कॉलेज में विश्व एंटीबायोटिक जागरूकता सप्ताह मना
स्वास्थ्य
21-Nov-26
एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण उपयोग एवं एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम के लिए किया जागरूक

छिन्दवाडा अपडेट
जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा द्वारा विश्व एंटीबायोटिक जागरूकता सप्ताह के अवसर पर एंटीबायोटिक दवाओं के सही एवं विवेकपूर्ण उपयोग तथा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की गरिमामयी उपस्थिति में आज मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे, डीन डॉ. अभय सिन्हा, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. विपिन जैन, आरएमओ डॉ. हर्षवर्धन कुडापे, डॉ. रवि टांडेकर, माइक्रोबायोलॉजी एचओडी डॉ. जीवन सेट्टी एवं असिस्टेंट मैनेजर डॉ. उदय पराडकर सहित चिकित्सकगण, मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान मेडिकल सुपरिंटेंडेंट एवं सहायक प्राध्यापक फार्माकोलॉजी विभाग डॉ. विपिन जैन तथा माइक्रोबायोलॉजी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. पूर्ति त्रिपाठी ने एंटीबायोटिक के उचित उपयोग, एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस के बढ़ते खतरे, इसके कारणों एवं बचाव के उपायों पर वैज्ञानिक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने बताया कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक का सेवन करना, निर्धारित अवधि से पहले दवा बंद कर देना तथा अनावश्यक रूप से एंटीबायोटिक का उपयोग करना भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।
इस अवसर पर नर्सिंग स्टाफ एवं मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक एवं संदेशपरक नुक्कड़ नाटक, रंगोली प्रतियोगिता एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इनके माध्यम से आमजन को एंटीबायोटिक दवाओं का दुरुपयोग नहीं करने, चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही दवाओं का सेवन करने तथा एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस की रोकथाम में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन, स्वास्थ्यकर्मियों एवं विद्यार्थियों को एंटीबायोटिक के जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जैसी वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों एवं नर्सिंग स्टाफ ने एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने और जनजागरूकता का प्रसार करने में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया।