3 दलों ने किया 141 घरों में एडीज लार्वा का सर्वे
छिंदवाड़ा
09-Sep-26
हर्रई में 33 ग्रामों में कीटनाशी छिड़काव का कार्य पूर्ण

छिन्दवाडा
डेंगू की रोकथाम व नियंत्रण के लिये मंगलवार को शहरी क्षेत्र छिंदवाड़ा के वार्ड क्रमांक- 31 छोटी माता मंदिर वार्ड में स्वास्थ्य विभाग के 3 दलों द्वारा 141 घरों में एडीज मच्छर के लार्वा का सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान 9 घरों में पाए गए एडीज मच्छर के लार्वा का नष्टीकरण किया गया। इसी क्रम में ब्लॉक हर्रई में 33 ग्रामों में अंदरूनी अवशिष्ट कीटनाशी छिड़काव का कार्य पूर्ण किया गया।
ये रखे सावधानी
स्वास्थ्य विभाग ने जनसमुदाय से अपील की है कि अपने घरों में रखे सभी पानी के कंटेनर, कूलर, फ्रिज, टांके-टंकियां एवं टायर की प्रति सप्ताह जांच करें कि उनमें एडीज मच्छर के लार्वा तो नहीं पनप रहे हैं। पानी के कंटेनरों को खाली कर उनकी सफाई करें। ऐसे बड़े पानी के कंटेनर जिनकी सफाई एवं ढांकना संभव न हो, उनमें प्रति सप्ताह मीठा तेल डालें। मच्छरों के काटने से स्वयं का बचाव करें। पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। दिन के समय बच्चों एवं वृद्धों को मच्छरदानी के अंदर सोने की सलाह दी गई है। मॉस्किटो कॉइल का उपयोग करें तथा शाम के समय नीम की पत्तियों का धुआं करें। तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते, मांसपेशियों में दर्द, जोड़ों में दर्द तथा नाक एवं मसूड़ों से रक्तस्राव होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। डेंगू की जिला चिकित्सालय/छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में डेंगू एलिसा टेस्ट निःशुल्क कराया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने जनसमुदाय से अपील की है कि इन उपायों को अपनाकर जिले में डेंगू के संचरण के प्रसार को समाप्त/कम करने में सहयोग करें।