Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कृषि सखी के खेत को प्राकृतिक मॉडल फार्म बनाने के बताएं तरीके

कृषि सखी के खेत को प्राकृतिक मॉडल फार्म बनाने के बताएं तरीके
महिला जगत
31-Jul-26
प्राकृतिक खेती मिशन को लेकर कृषि सखियों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित

छिन्दवाडा 

राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (एनएमएनएफ) योजना के अंतर्गत कार्यरत कृषक सखियों की आज जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य योजना की प्रगति की समीक्षा, कृषक सखियों के कार्यों का मूल्यांकन तथा आगामी गतिविधियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था।

बैठक में परियोजना संचालक आत्मा धीरज कुमार ठाकुर द्वारा कृषक सखियों को प्राकृतिक खेती के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार, किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिये प्रेरित करने, जैविक आदानों के निर्माण एवं उपयोग, क्लस्टर स्तर पर नियमित किसान संपर्क, प्रगति प्रतिवेदन का समय पर संधारण तथा विभागीय गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक क्लस्टर में नए कृषकों को जोड़ने एवं कृषि सखी के खेत को प्राकृतिक मॉडल फार्म बनाने के निर्देश दिए गए।

उप संचालक कृषि मोरिस नाथ ने कृषक सखियों को अपने-अपने क्लस्टर के किसानों द्वारा उत्पादित प्राकृतिक कृषि उत्पादों को अधिक से अधिक जैविक हाट में लाने तथा उनके विपणन को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा तथा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन मिलेगा। इस अवसर पर कृषक सखियों द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों, किसानों की समस्याओं एवं अनुभवों को साझा किया गया। बैठक में प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक किसानों को एनएमएनएफ योजना से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही आगामी प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रमों एवं प्रदर्शन गतिविधियों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री नाथ, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डी.के. श्रीवास्तव, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख चंदनगांव आर.के.झाडे, पशुचिकित्सक सलेवार, सहायक कृषि यंत्री सुश्री अश्विनी सिंह, सहायक संचालक मत्स्य श्रीमती नीलम नर्रे, अनुविभागीय कृषि अधिकारी छिन्दवाडा नीलकण्ठ पटवारी, सहायक संचालक कृषि दीपक चौरसिया, उप परियोजना संचालक श्रीमती प्राची कौतू, सृजन एनजीओ से रामभजन डेहरिया, समस्त बीटीएम एवं एटीएम तथा कृषक सखियां उपस्थित थीं।
Share News On