सर्वेयरों ने भोपाल में घेरा आयुक्त कार्यालय
मध्यप्रदेश
11-Aug-26
बंद आईडी हुई चालू, रोटेशन प्रक्रिया बंद होगी, लंबित मानदेय का होगा भुगतान

भोपाल/छिंदवाड़ा
भारी बारिश के बावजूद हजारों लोकल यूथ सर्वेयरों ने सेवा बहाली अभियान के तहत अपनी मांगों के लिए आयुक्त भू-संसाधन कार्यालय का घेराव किया और तीन महीने से बंद आईडी चालू कराने, रोटेशन प्रक्रिया बंद करने, बकाया वेतन भुगतान करने तथा मानसिक मानदेय तय करने जैसी प्रमुख मांगों को जोरदार तरीके से उठाया। संगठन के अध्यक्ष वीरेंद्र गोस्वामी के नेतृत्व में बारिश में भीगते हुए कार्यालय के बाहर धरना दिया गया, जिसे अस्थाई, आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने समर्थन देकर अधिकारियों से मांगो का तत्काल निराकरण करने का आग्रह किया।
पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से दो घंटे हुई बात, तब बनी बात
आयुक्त कार्यालय पर सुबह 10 बजे से शुरू हुए घेराव में हजारों सर्वेयर शामिल थे, भारी पुलिस बल तैनात था। मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी चलती रही। दोपहर बाद उपायुक्त ने पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया जिसमें अस्थाई, आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष बासुदेव शर्मा, वीरेंद्र गोस्वामी (प्रदेश अध्यक्ष), बृजेन्द्र कुशवाहा (प्रदेश महासचिव), सूजन सिंह बडगावत (संभाग प्रभारी) एवं हेमराज कुशवाहा (जिला अध्यक्ष दतिया) शामिल थे। लगभग दो घंटे चली बातचीत के बाद तीन मांगों पर सहमति बनी और तत्काल निराकरण किया, जिसमें तीन महीने से बंद आईडी चालू करने, रोटेशन प्रक्रिया बंद करने एवं बकाया वेतन भुगतान कराने जैसी मांगें शामिल थीं। अध्यक्ष वीरेंद्र गोस्वामी ने आईडी चालू होने के बाद उपायुक्त कार्यालय पर चल रहा धरना समाप्त करने की घोषणा की और मानसिक मानदेय तय कराने के लिए संघर्ष जारी रखने का आव्हान किया।