मेघासिवनी स्कूल का औचक निरीक्षण, प्रभारी प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी
शिक्षा
04-Nov-26
छिन्दवाडा अपडेट

जिला शिक्षा अधिकारी जे.के.इड़पाचे एवं सहायक संचालक डी.पी. डेहरिया ने आज मेघासिवनी स्थित शासकीय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पाई गई कमियों एवं अव्यवस्थाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर एवं शौचालयों में साफ-सफाई और समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने, निर्धारित समय-सारणी के अनुसार नियमित कक्षाएं संचालित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी समेकित
परीक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की प्रभावी तैयारी कराने और जेईई एवं नीट की कोचिंग कक्षाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने विद्यालय की ई-अटेंडेंस व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा सभी शिक्षक-कर्मचारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नियमित उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री इड़पाचे ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, नियमित उपस्थिति एवं स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण में सामने आई कमियों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपेक्षित सुधार सुनिश्चित नहीं किए जाने पर प्रभारी प्राचार्य को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि समस्त व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीरता से कार्य किया जाए।