Home News Helpline Classified Jobs About Contact

शासकीय महाविद्यालय बिछुआ में संभाग स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता सम्पन्न

शासकीय महाविद्यालय बिछुआ में संभाग स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता सम्पन्न
खेल
04-Nov-26
महिला एवं पुरुष पहलवानों ने दिखाया दमखम

विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

छिन्दवाडा अपडेट

मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय बिछुआ में सत्र 2026-27 की संभाग स्तरीय अंतरमहाविद्यालयीन कुश्ती प्रतियोगिता (महिला एवं पुरुष वर्ग) का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.पी.यादव के मार्गदर्शन एवं क्रीड़ाधिकारी डॉ. नीरज खण्डागले के निर्देशन में उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात बजरंगबली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया तथा खेल मैदान का विधिवत पूजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों से आए क्रीड़ाधिकारियों एवं खेल विशेषज्ञों का पुष्पगुच्छ एवं पुष्पमाला भेंट कर स्वागत किया गया। इनमें डॉ. सुशील कुमार पटवा, डॉ. नायडू, डॉ. मनीष साहू, डॉ. जसवंत सिंह राजपूत, श्रीमती श्वेता सक्सेना, डॉ. अरविंद दुबे, मैच रेफरी श्री मनीष चन्द्रवंशी एवं कोच श्री अमरनाथ राठी शामिल थे

कार्यक्रम में नगर परिषद बिछुआ के अध्यक्ष रामचंद्र बोबड़े, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष प्रमोद विश्वकर्मा, प्रमोद श्रीवास एवं समिति सदस्य रजत वानखेड़े सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में बालाघाट, सिवनी एवं छिंदवाड़ा जिले के महिला एवं पुरुष पहलवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न भार वर्गों में आयोजित कुश्ती मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, तकनीकी कौशल, अनुशासन, साहस एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से उपस्थित दर्शकों एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आयोजित पदक वितरण समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. पी. यादव, जनप्रतिनिधियों एवं आमंत्रित अतिथियों द्वारा विभिन्न भार वर्गों में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

कार्यक्रम के अंत में क्रीड़ाधिकारी डॉ. नीरज खण्डागले ने अतिथियों , विभिन्न महाविद्यालयों के क्रीड़ाधिकारियों, निर्णायक मंडल, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती मीना ठाकरे द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में मनीष पटेल, प्रवीण मंदराह,  अजीत डेहरिया,राज देशमुख, डॉ. अनिल कोठी एवं मुख्य लेखपाल मचल सिंह धुर्वे का सराहनीय सहयोग रहा। शासकीय महाविद्यालय बिछुआ में आयोजित यह संभाग स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने , युवाओं में खेल भावना विकसित करने तथा विभिन्न महाविद्यालयों के बीच आपसी समन्वय एवं खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण एवं सफल आयोजन सिद्ध हुई।
Share News On