Home News Helpline Classified Jobs About Contact

जल संकट को लेकर कांगेस ने निकाली रैली, किया धरना प्रदर्शन

जल संकट को लेकर कांगेस ने निकाली रैली, किया धरना प्रदर्शन
राजनीति
04-Nov-26

कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में पहुंचे शहरवासी

छिन्दवाड़ा अपडेट

नगर पालिक निगम क्षेत्र की जनता जल संकट से जूझ रही है। सत्ता में बैठी भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में मस्त है, जनता को पानी की जगह सिर्फ आश्वासन दे रही। विगत एक वर्ष से सम्पूर्ण 48 वार्डों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। वैकल्पिक व्यवस्था के नाम पर 15 दिनों में एक बार पानी का टैंकर पहुंचता है। कागजी खानापूर्ति से तंग हो चुकी जनता को शुद्ध व नियमित जलप्रदाय कराने की मांग को लेकर शहर कांग्रेस व कांग्रेस पार्षद दल के तत्वावधान में विशाल रैली व धरना प्रदर्शन किया गया। जिसमें कांग्रेसजन के अलावा सभी वार्डों से बड़ी संख्या में आमजन भी पहुंचे।

राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से विशाल रैली प्रारंभ हुई। जितना जल, उतना ही कर, पानी हमारा अधिकार है, हमें नियमित पानी दीजिए जैसी तख्तियां हाथों में लेकर आमजन व कांग्रेसजन रैली में शामिल हुए। जिला अस्पताल, कोतवाली पुलिस थाना, अनगढ़ हनुमान मंदिर, महात्मा गांधी चौक से एक्सीलेंस स्कूल के बाजू से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों व आमजन ने जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने भाजपा सरकार, ननि, महापौर व सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रशासनिक अधिकारी ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन कांग्रेस ने साफ इनकार करते हुए कहा कि ज्ञापन निगम से सम्बंधित है, इसीलिये ज्ञापन निगम कमीश्नर को ही दिया जाएगा और उनसे पेयजल संकट को लेकर प्रत्येक बिन्दू पर चर्चा की जाएगी।

आश्वासन नहीं ठोस समाधान चाहिए: ओक्टे

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने आयोजित धरना प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए कहा कि कलेक्ट्रेट में पेयजल संकट को लेकर अनेक बैठकें हो चुकी है, लेकिन समाधान शून्य है। आश्वासन बहुत मिल चुके, अब हमें ठोस समाधान चाहिए। नियमित पानी कब तक मिलेगा इसकी तारीख तय होनी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ जी ने माचागोरा जलाशय से पाइप लाइन बिछाकर छिन्दवाड़ा को पेयजल संकट से निजात दिलाई थी, किन्तु वर्तमान की भाजपा सरकार सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित है।

पेयजल संकट के लिए पूरी तरह से भाजपा शासित निगम जिम्मेदार: मागो

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने कहा कि पूर्व सीएम कमलनाथ जी एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ जी के कार्यकाल में 70 ट्यूबवेल खनन हुए थे। उन बोरों में लगी मोटर पम्प भाजपा के लोग ले गए। निगम बताएं कि उन ट्यूबवेलों में मोटर पम्प क्यों नहीं डाले जा रहे। नये ट्यूबवेल खनन से पहले उन्हें चालू कर दिया जाए तो पेयजल संकट से कुछ हद तक राहत मिल जाएगी, लेकिन निगम का इस ओर ध्यान नहीं है। कांग्रेस के पार्षदगण विगत एक वर्ष से व्यवस्था बनाने के लिए प्रयासरत है, लेकिन निगम ने ध्यान नहीं दिया। पेयजल संकट के लिए पूरी तरह से भाजपा शासित निगम जिम्मेदार है।

महापौर केबिन में और कमिश्नर को जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं: हंसा अंबर दाढे़

निगम नेता प्रतिपक्ष श्रीमती हंसा अम्बर दाढ़े ने कहा कि पेयजल संकट की वजह बारिश नहीं, भाजपा शासित नगर निगम की लापरवाही है। समय पर व्यवस्थाएं बनाई जाती, जलस्रोतों पर ध्यान दिया जाता तो यह स्थिति नहीं बनती। महापौर अपने केबिन तक सीमित है और कमीश्नर को जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी व पूर्व सांसद नकुलनाथ जी ने पेयजल संकट निर्मित होने से पहले ही छिन्दवाड़ा तक माचागोरा जलाशय से पाइप लाइन बिछाकर पानी पहुंचाया था। किन्तु इस निकम्मी सरकार ने अभी तक पेयजल उपलब्ध कराने ध्यान नहीं दिया।

छिंदवाड़ा के बेटे ने शहरवासियों को बूंद-बंूद पानी के लिए तरसा दिया: सिसोदिया

जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सरला सिसोदिया श्रीवास्तव ने कहा कि चुनाव के समय आपका, बेटा आपका भाई कहने वाला सांसद कहां है। ऐसा बेटा और ऐसा भाई नहीं चाहिए जिसने हमें बूंद-बूंद पानी को तरसा दिया है। ऐसा निकम्मा बेटा किसी घर में ना हो जिसने पानी के लिए जनता को सड़क पर ला दिया। अगली बार भाजपा को पानी ही पिलाना होगा, तभी उन्हें प्यास की सही ऐहसास होगा। उन्होंने पेयजल संकट के लिए सीधे भाजपा के स्थानीय जिम्मेदारों को दोषी ठहराया। समस्त कांग्रेस जनप्रतिनिधिगण व सम्पूर्ण 48 वार्डों से पहुंचे आमजन कलेक्ट्रेट परिसर में जमीन पर बैठे रहे। 

आयोजित रैली व धरना प्रदर्शन में शहर कांग्रेस सहित पार्षदगण टिंकू राय, मंजू बैस, शोभी कुरैशी, बबला पटेल, चिंटू काले, आकाश मोखलगाय, राहुल मालवी, नदीम अहमद, अनुराग सराठी, संगीता मुन्ना पवार सहित जिला कांग्रेस सहित कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ, अनुसांगिक संगठन, विभाग व प्रकोष्ठों के पदाधिकारीगण, कार्यकर्तागण व बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
Share News On