सिवनी रोड पर आधार कार्ड के लिए सेवा केंद्र शुरू
छिंदवाड़ा
13-Oct-26
सप्ताह के सातों दिन संचालित होगा केंद्र
दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष काउंटर की सुविधा

छिन्दवाडा अपडेट
आधार सेवाओं को आम नागरिकों तक अधिक सुगमता, पारदर्शिता और दक्षता के साथ पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) द्वारा छिन्दवाड़ा में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित आधार सेवा केंद्र का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। इस केंद्र के शुरू होने से नागरिकों को आधार संबंधी विभिन्न सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा होगी।
सिवनी रोड पर स्थित है आधार सेवा केंद्र
नागरिक आधार संबंधी सेवाओं का लाभ लेने के लिए सिवनी रोड, के.एम. होटल के पीछे, रेलवे स्टेशन के पास, कान्हा हॉस्पिटल के पास स्थित नवीन यूआईडीएआई आधार सेवा केंद्र पहुंच सकते हैं।
विशेष सुविधाओं के साथ सातों दिन होगा संचालन
आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगा। केंद्र में दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए विशेष सेवा काउंटर उपलब्ध कराए गए हैं। इससे इन वर्गों के नागरिकों को आधार संबंधी कार्य कराने में सहूलियत मिलेगी।
नागरिकों की सुविधा के लिए केंद्र में ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की व्यवस्था भी उपलब्ध है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी सुविधानुसार समय निर्धारित कर सकते हैं और तय समय पर केंद्र पहुंचकर कम प्रतीक्षा के साथ आधार संबंधी कार्य करा सकते हैं। नागरिक केंद्र की लोकेशन गूगल मैप के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं।