Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

किसी भी स्थिति में मातृ मृत्यु स्वीकार नहीं की जाएगी: कलेक्टर

किसी भी स्थिति में मातृ मृत्यु स्वीकार नहीं की जाएगी: कलेक्टर
छिंदवाड़ा
23-Jul-25
जुन्नारदेव के संविदा डॉक्टर को हटाया, एएनएम का इंक्रीमेट रोका

छिन्दवाड़ा

कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।


जुन्नारदेव में मातृ मृत्यु पर जताई कड़ी नाराजगी

बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने हाल ही में जुन्नारदेव ब्लॉक में हुई मातृ मृत्यु पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने इस घटना को अत्यंत गंभीर लापरवाही बताया और जुन्नारदेव में उपस्थित डॉक्टर की संविदा समाप्ति के निर्देश दिए एवं एएनएम का एक इन्क्रीमेंट रोकने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में मातृ मृत्यु स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें विशेष निगरानी में रखा जाए।
अमरवाड़ा से सेक्टर डॉक्टर के खिलाफ हेड क्वार्टर में उपस्थित न होने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। साथ ही सभी सेक्टर डॉक्टर्स को मुख्यालय में अनिवार्य रूप से रहने के निर्देश दिए गए, जिसे बीएमओ को सुनिश्चित करने को कहा गया। श्री सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बॉन्डेड डॉक्टर ‘सार्थक’ ऐप पर अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करें।

बीपीएम को कारण बताओ नोटिस

बैठक में पिंडराईकलां में संस्थागत प्रसव की दर कम होने पर बीपीएम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जब तक महिला में गंभीर खतरे की स्थिति न हो, तब तक उन्हें जिला अस्पताल में रेफर न किया जाए। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में पहले से अत्यधिक प्रसव मामले होते हैं, जिससे हाई रिस्क मामलों की डिलीवरी प्रभावित होती है। अतः अधिकतर डिलीवरी प्राथमिक स्तर पर ही सुनिश्चित की जाए, लेकिन हाई रिस्क मामलों में समय पर रेफरल किया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी बीएमओ को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि यदि कोई सीएचओ 300 ओपीडी (जो कि एक माह का लक्ष्य है) पूरी नहीं करता है, तो उसका पीबीआई (परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव) न दिया जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सिविल सर्जन डॉ.नरेश गोन्नाडे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.एल.एन. साहू, जिला क्षय अधिकारी डॉ.अर्चना कैथवास, एस.एन.सी.यू. नोडल अधिकारी डॉ.अंशु लंबा, जिला स्वास्थ्य मीडिया अधिकारी डॉ.प्रमोद वासनिक एवं सभी कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी तथा विकासखंडों के खंड चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, बीसीएम एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास बृजेश कुमार शिवहरे तथा समस्त विकासखंडों के सीडीपीओ उपस्थित थे।
Share News On