गंभीर एवं जरूरतमंद मरीजों को मिलेगी किफायती दरों पर एंबुलेंस सुविधा
स्वास्थ्य
18-Nov-26
रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा छिंदवाड़ा द्वारा एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ

छिंदवाड़ा अपडेट
कलेक्टर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण सिंह ने रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को रवाना किया। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों रेडक्रॉस के प्रदेश अध्यक्ष महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा छिंदवाड़ा को विशेष अनुदान के अंतर्गत एंबुलेंस सेवा के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गंभीर रूप से बीमार एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव निरपट टेखरे ने जानकारी देते हुए बताया कि यह एंबुलेंस सेवा आम जनमानस के लिए आवश्यकता अनुसार किफायती दरों पर उपलब्ध रहेगी। इच्छुक व्यक्ति एंबुलेंस सेवा का लाभ लेने के लिए रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश प्रतिनिधि डॉ.गगन कोल्हे, संरक्षक सदस्य सुरेश अग्रवाल, डॉ दिलीप खरे, जे पी सिंह, उपसभापति डॉ. हितेश मिश्रा,कोषाध्यक्ष अंशुल शुक्ला, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अभिलाषा जैन भांगरे, डॉ चंद्रकांत विश्वकर्मा, अनिल साहू, संदीप जैन, विनोद वर्मा एवं धनंजय भांगरे सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।