Home News Helpline Classified Jobs About Contact

उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम लाने 1,977 शिक्षक-शिक्षिकाओं को दिया प्रशिक्षण

उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम लाने 1,977 शिक्षक-शिक्षिकाओं को दिया प्रशिक्षण
शिक्षा
31-Oct-26
कक्षा 10वीं के लिए विषयवार शिक्षक प्रशिक्षण संपन्न

छिन्दवाडा अपडेट

लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार कक्षा 10वीं के वार्षिक बोर्ड परीक्षा परिणाम में गुणात्मक सुधार एवं उत्कृष्ट उपलब्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अगस्त 2026 से प्रतिमाह आयोजित किए जा रहे विषयवार एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण के क्रम में अक्टूबर माह का प्रशिक्षण 28 से 31 अक्टूबर 2026 तक जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. इड़पाचे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में विज्ञान, गणित एवं सामाजिक विज्ञान विषयों के लिए तथा पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदवाड़ा में अंग्रेजी, हिंदी एवं संस्कृत विषयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए किया गया। प्रशिक्षण में कुल 1,977 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की। विषयवार उपस्थिति में विज्ञान के 330, गणित के 332, सामाजिक विज्ञान के 320, अंग्रेजी के 344, हिंदी के 330 एवं संस्कृत के 321 शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल थे।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विषयवार अध्यापन को प्रभावी बनाना, पाठ्यक्रम की समयबद्ध पूर्णता, बोर्ड परीक्षा की तैयारी, महत्वपूर्ण प्रश्नों एवं उत्तर लेखन का अभ्यास तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक रणनीति तैयार करना रहा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की विषयगत समझ विकसित करने एवं परीक्षा परिणाम में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री इड़पाचे ने शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त शिक्षण तकनीकों को विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने तथा प्रत्येक विद्यार्थी के बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण में अनुपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाएंगे तथा संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर नियमानुसार एक दिवस का वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर एडीपीसी श्री राजीव साठे, जिला व्यावसायिक समन्वयक डॉ. साबिर फारूकी एवं सहायक परियोजना अधिकारी श्री भानु गुमास्ता उपस्थित थे।
Share News On