Home News Helpline Classified Jobs About Contact

युवा ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव: बंटी विवेक साहू

युवा ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव: बंटी विवेक साहू
शिक्षा
07-Oct-26
सांसद ने एनसीसी के कैडिटों से किया संवाद

छिंदवाड़ा अपडेट

संकल्प वृक्ष अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा में बुधवार को माटी/मिट्टी संग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यअतिथि सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि देश का युवा ही आत्मनिर्भर और विकसीत भारत की नींव हैं। उन्होंने युवाओं को देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने एन.सी.सी. के कैडिटों से संवाद करते हुए नशामुक्ति अभियान से जुड़ने तथा नशे से दूर रहने का संकल्प लेने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर कैडेट्स ने भी स्वस्थ, अनुशासित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन और नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा संकल्प वृक्ष अभियान पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन तथा प्रदेश के नागरिकों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करेंगा, इस अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों की माटी को एकत्रित कर प्रदेश की एकता, विविधता और प्राकृतिक विरासत का प्रतीक बनाया जा रहा है। एकत्रित माटी को भोपाल पहुंचाया जाएगा, जहां मध्यप्रदेश दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम में इसका उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले की मिट्टी अलग पहचान और विशेषता रखती है, लेकिन सभी मिलकर एक सशक्त और समृद्ध मध्यप्रदेश का निर्माण करती हैं।

महापौर ने दिया पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण पर जोर

महापौर विक्रम अहके ने अपने संबोधन में जिले में किए जा रहे व्यापक पौधारोपण कार्यों का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में पौधारोपण किया जा चुका है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने युवाओं एवं एन.सी.सी. कैडेट्स को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

जनप्रतिनिधियों द्वारा माटी का हस्तांतरण

कार्यक्रम के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा एक किलोग्राम माटी एन.सी.सी. कैडेट अंडर ऑफिसर जतिन बंदेवार एवं कैडेट प्राची भनारे को सौंपी गई। इसी क्रम में महापौर विक्रम अहके के द्वारा एक किलोग्राम माटी कैडेट भावी चौहान एवं कैडेट योगेश कोदोपी को सौंपी गई। यह माटी आगे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भोपाल भेजी जाएगी। कार्यक्रम का मंच संचालन कैडेट ख्याति शर्मा द्वारा किया गया।

मध्यप्रदेश के गौरवशाली इतिहास पर प्रस्तुति

कार्यक्रम में एन.सी.सी. कैडेट हर्षिता कवरे द्वारा संकल्प वृक्ष अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश के प्राचीन इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा एवं प्रदेश की विशिष्ट खूबियों पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर एन.सी.सी. कैडेट्स द्वारा अतिथियों के लिए हाई-टी की व्यवस्था की गई। इस दौरान उपस्थित अतिथियों एवं कैडेट्स के बीच संवादात्मक वातावरण बना, जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने सांसद बंटी विवेक साहू के समक्ष अपने विचार एवं प्रश्न रखे तथा सक्रिय रूप से सहभागिता की। पूरे कार्यक्रम में एन.सी.सी. कैडेट्स का अनुशासन, समर्पण एवं उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण, युवा शक्ति, नशामुक्ति तथा मध्य प्रदेश की एकता और गौरव का संदेश दिया।

कार्यक्रम मेें यह रहे प्रमुख रूप से उपस्थित  

कार्यक्रम का आयोजन 24 मध्यप्रदेश बटालियन छिंदवाड़ा के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पी.के. वेलू के मार्गदर्शन एवं कमान में किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष बंटी पटेल, मंडल अध्यक्ष सौरभ ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि अलकेश लांबा, भाजपा के वरिष्ठ नेता रिजवान कुरेशी, रमाकांत रघुवंशी, एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल अमरप्रीत सिंह सोही, सूबेदार मेजर निसार एस., सूबेदार चरण सिंह, निर्मल गुरूंग, बटालियन स्टाफ, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल चौहान, एन.सी.सी. अधिकारी, लेफ्टिनेंट डॉ. शेखर ब्राह्मणे, मेजर सिम्पल पाटिल, सेकंड ऑफिसर मुकेश कुरमेती, महाविद्यालयीन स्टाफ, प्रबंधन एवं एन.सी.सी. कैडेट्स उपस्थित रहे।

Share News On