प्यार में मिला युवती को धोखा, शादी कर युवा ने लाखों रूपए हड़पे
छिंदवाड़ा
19-Jun-25
युवती की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार
छिंदवाड़ा
प्यार अंधा होता है ये फिल्मी डायलॉग एक युवती पर सचमुच सिद्ध हो गया। उसकी आंखों से प्यार की पट्टी उतरती तब तक वो अपना सबकुछ लुटा चुकी थी। आखिरकार परेशान युवती ने पुलिस की शरण ली। आरोपी अब पुलिस सींखचों के पीछे है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार परासिया निवासी इस युवती की पहचान कॉलेज के दिनों में ही विजय प्रताप उर्फ राहुल सिंह राजपूत से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी और ये पहचान दोस्ती, प्यार और शादी में बदल गई। युवती ने पुलिस को की गई शिकायत में बताया कि दोनों ने आर्य समाज से शादी की थी लेकिन विजय ने इस रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया। युवती को लगा कि वह सुधर जाएगा इस बीच विजय ने पहले त्योहारों पर गिफ्ट देने, कभी अपनी बीमारी के इलाज तो कभी शौक पूरे करने के नाम पर युवती से लाखों रूपए हड़प लिए। इसके साथ ही युवती की कार, उसके छोटे भाई की बाईक, इलेक्ट्रिक मोपेड भी अपने पास रख ली। युवती की आंखों पर से प्यार का भूत तब उतरा जब उसने एक दिन कार बिक्री का स्टेटस विजय की प्रोफाइल पर देखा। परेशान युवती ने विजय से इस बारे में बात की लेकिन बात नहीं बनी। परेशान युवती ने पुलिस की शरण ली। परासिया थाने के चक्कर काटते हुए वह परेशान हो गई लेकिन पुलिसने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। आखिरकर वह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता से मिली इसके बाद मामला छिंदवाड़ा कोतवाली में दर्ज किया गया। जांच निरीक्षक एकता सोनी ने बताया कि फोनपे ट्रांजेक्शन, आर्य समाज विवाह प्रमाण पत्र और अन्य सबूत मिले है। आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि अभी तक कुल साढ़े सात लाख रूपए की राशि का रिकार्ड पीड़िता ने दिया है। पुलिस ने आरोपी पर धारा 375, 376 के तहत बलात्कार का केस दर्ज किया है। इसके अलावा पीड़िता से धोखाधड़ी पर 420 और धमकाने पर 506 के तहत केस दर्ज किया गया है।