हमारे पारंपरिक खेलों में कुश्ती का एक महत्वपूर्ण स्थान: बंटी विवेक साहू
खेल
11-Oct-26
ग्राम हेवरकला में आयोजित विशाल इनामी दंगल में शामिल हुये सांसद

छिन्दवाड़ा अपडेट
प्राचीन काल से ही मल्लयुद्ध वीरता और शारीरिक सौष्ठव का प्रतीक रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश में प्राचीन और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हमारे पारंपरिक खेलों में कुश्ती का एक महत्वपूर्ण स्थान है। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने ग्राम हेवरकला में आयोजित विशाल इनामी दंगल के दौरान कही।
सांसद बंटी विवेक साहू ने विशाल दंगल प्रतियोगिता में हजारों लोगों की मौजूदगी में कार्यक्रम में शामिल होकर बलवीरों का उत्साह वर्धन कर इस ओजपूर्ण खेल का आनन्द लिया। रोमांच, उत्साह और वीरता से भरपूर इस मल्ल युद्ध के अखाड़े में स्थानीय पहलवानों के साथ- साथ दूरदराज से आए बलवीरों ने अपनी कला, दांवपेंचों का अनुपम प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमुदाय को रोमांचित कर दिया। इस अवसर पर चौरई विधानसभा प्रभारी लखन कुमार वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बंटी पटेल, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष रिज़वान कुरैशी, भाजपा के वरिष्ठ नेता गोलू नागरे, धर्मेन्द्र पटेल, संदीप रघुवंशी, मनीष पटेल, राम सिंग पटेल, दानसिंग पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा ग्रामीण जन उपस्थित थे।