नौ दिवसीय निःशुल्क आत्मरक्षा एवं कराटे प्रशिक्षण शिविर शुरू
खेल
11-Oct-26
छिंदवाड़ा अपडेट

नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर कन्याओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाने के उद्देश्य से 9 दिवसीय निःशुल्क आत्मरक्षा एवं कराटे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ 11 अक्टूबर से होगा। इसमें सभी आयु वर्ग की कन्याएं एवं महिलाएं निःशुल्क कराटे एवं आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगी।
“माँ दुर्गा के 9 रूप, बेटियां बनेंगी खुद का कवच” संदेश के साथ आयोजित इस शिविर का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाकर उनमें साहस, आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के लिए आवश्यक तकनीकों से परिचित कराया जाएगा।
शिविर का आयोजन ओलंपिक स्टेडियम ग्राउंड, छिंदवाड़ा में किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए किसी भी आयु वर्ग की कन्याएं एवं महिलाएं शामिल हो सकती हैं। शिविर पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। नवरात्र के दौरान माँ दुर्गा की शक्ति और नारी सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ाने वाली यह पहल बेटियों एवं महिलाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आयोजकों का संदेश है कि हर बेटी अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बने और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़े।