Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

लालबाग में संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत, हत्या की आशंका

लालबाग में संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत, हत्या की आशंका
क्राइम
19-Jun-26
गले और सिर पर मिले चोट के निशान, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

छिंदवाड़ा

शहर के लालबाग क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही 21 वर्षीय युवती मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतका चांद क्षेत्र की निवासी थी और पिछले करीब दो वर्षों से छिंदवाड़ा में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। शुक्रवार दोपहर वह कमरे में अकेली थी। शाम के समय उसकी रिश्ते की बहन जब कमरे पर पहुंची तो युवती को मृत अवस्था में देखकर सन्न रह गई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि युवती के गले और सिर पर चोट के निशान मौजूद हैं। शरीर पर मिले इन निशानों ने मौत को और अधिक संदिग्ध बना दिया है। परिजनों ने भी युवती की मौत को सामान्य घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। घटना की खबर फैलते ही लालबाग क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। परिजनों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश भी देखा गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा युवती के संपर्कों और घटनाक्रम की भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए हर एंगल से जांच जारी है।

Share News On

"सफलता" की पोशाक कभी तैयार नहीं मिलती, इसे बनाने के लिए"मेहनत" का हुनर चाहिये।